T20 World Cup 2026

Border 2 Collection Day 10: सनी देओल की बॉर्डर 2 पहुंची 400 करोड़ के पार! दूसरे वीकेंड में तोड़े इन हिट फिल्मों के रिकॉर्ड

बॉर्डर 2 ने रिलीज के 10 दिनों में वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 377 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. फिल्म अब 400 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच चुकी है और कई बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ चुकी है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: वॉर ड्रामा फिल्म बॉर्डर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है. दूसरे वीकेंड में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी कमाई में बड़ा उछाल दर्ज किया है. सनी देओल और वरुण धवन स्टारर इस फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन तक दुनिया भर में करीब 377 करोड़ रुपये कमा लिए हैं. इसके साथ ही फिल्म 400 करोड़ क्लब के बेहद करीब पहुंच चुकी है.

बॉर्डर 2 ने रिलीज के पहले हफ्ते में ही अपनी ताकत दिखा दी थी. फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले 7 दिनों में 224 करोड़ 25 लाख रुपये का नेट कलेक्शन किया है. गणतंत्र दिवस पर फिल्म को खास फायदा मिला और अकेले उस दिन करीब 59 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई. पहले हफ्ते की इस शानदार शुरुआत ने साफ कर दिया था कि बॉर्डर 2 लंबी रेस का घोड़ा साबित होने वाली है.

बॉर्डर 2 का दूसरे वीकेंड में फिर दिखा उछाल

हफ्ते के दिनों में कमाई की रफ्तार थोड़ी धीमी जरूर हुई लेकिन दूसरे वीकेंड ने फिर से माहौल बदल दिया है. शुक्रवार, शनिवार और रविवार को फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 51 करोड़ रुपये नेट कमाए हैं. इसके बाद भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन बढ़कर 275 करोड़ 25 लाख रुपये हो गया है. ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो यह आंकड़ा करीब 329 करोड़ 50 लाख रुपये तक पहुंच चुका है.

भारत के साथ-साथ विदेशों में भी बॉर्डर 2 ने अच्छी शुरुआत की है. हालांकि वीकडेज में वहां भी कमाई की रफ्तार धीमी रही. दूसरे वीकेंड में ओवरसीज मार्केट में फिर से तेजी देखने को मिली है. 10 दिनों में फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 5 मिलियन डॉलर से ज्यादा पहुंच चुका है. इसके साथ ही वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 377 करोड़ रुपये हो गया है.

इन बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे

बॉर्डर 2 ने दूसरे शनिवार की कमाई के बाद कई बड़ी और चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है. रविवार तक यह फिल्म प्रभास की आदिपुरुष के लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन से आगे निकल गई है. आदिपुरुष ने दुनियाभर में करीब 355 करोड़ रुपये कमाए थे. इसके अलावा बॉर्डर 2 ने संदीप रेड्डी वांगा की शाहिद कपूर स्टारर 'कबीर सिंह' को भी पछाड़ दिया है. कबीर सिंह का लाइफटाइम कलेक्शन करीब 377 करोड़ रुपये था जिसे बॉर्डर 2 ने पार कर लिया है.

मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि बॉर्डर 2 जल्द ही 400 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी छू सकती है. अगर वीकडेज में भी फिल्म की पकड़ बनी रहती है तो यह आंकड़ा अगले कुछ दिनों में हासिल किया जा सकता है. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि वॉर ड्रामा और देशभक्ति के कंटेंट की वजह से फिल्म को फैमिली ऑडियंस का भरपूर समर्थन मिल रहा है.