Sunjay Kapur Post: मरने से 4 दिन पहले संजय कपूर को हो गया था मौत का आभास? पोस्ट शेयर कर दिया था हिंट

Sunjay Kapur Post: करिश्मा कपूर के एक्स पति संजय कपूर का गुरुवार को 53 साल की आयु में निधन हो गया है. उनके इस निधन ने परिवार, दोस्तों और बॉलीवुड को गहरा सदमा दिया है. इस बीच, संजय का चार दिन पुराना एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Social Media
Babli Rautela

Sunjay Kapur Post: करिश्मा कपूर के एक्स पति और सोना कॉमस्टार के चेयरमैन संजय कपूर का गुरुवार को 53 साल की आयु में निधन हो गया है. यूके में पोलो मैच के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हुई. उनके इस निधन ने परिवार, दोस्तों और बॉलीवुड को गहरा सदमा दिया है. इस बीच, संजय का चार दिन पुराना एक पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

9 जून 2025 को संजय ने एक्स पर एक मोटिवेशनल पोस्ट साझा किया था, जो अब उनकी मृत्यु के बाद चर्चा का केंद्र बन गया है. उन्होंने लिखा, 'धरती पर तुम्हारा समय सीमित है. 'क्या ऐसा होगा' जैसी बातों को दार्शनिकों के लिए छोड़ दें. ऐसा सोचने के बजाय 'ऐसा क्यों नहीं हो सकता' के बारे में सोचें.' यह पोस्ट उनके जीवन के लिए उनके सकारात्मक नजरिए को दर्शाता है. उन्होंने कहा था कि प्रगति के लिए साहसी निर्णय जरूरी हैं, न कि सही परिस्थितियों का इंतजार. उनकी मृत्यु के बाद यह संदेश और भी मार्मिक हो गया.

मौत से पहले संजय की आखिरी पोस्ट

संजय ने अपनी मृत्यु से कुछ घंटे पहले भी एक पोस्ट किया था. गुरुवार को उन्होंने अहमदाबाद में हुए एक विमान हादसे पर दुख जताते हुए लिखा, 'एयर इंडिया की दुखद दुर्घटना की भयानक खबर... ईश्वर उन्हें इस मुश्किल घड़ी में शक्ति दे.' यह पोस्ट उनके संवेदनशील स्वभाव को दर्शाता है. इन पोस्ट्स ने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया. 

परिवार में शोक की लहर

संजय के निधन ने उनके परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया. उनके दो बच्चे, करिश्मा कपूर से समायरा (जन्म 2005) और कियान (जन्म 2010), और दूसरी पत्नी प्रिया सचदेव से बेटा अजारियस (जन्म 2018) हैं. संजय की मृत्यु की खबर सुनते ही करिश्मा के घर पर बॉलीवुड सितारे जुट गए. करीना कपूर खान, सैफ अली खान, मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा गुरुवार रात करिश्मा के आवास पर पहुंचे. सभी ने इस दुखद समय में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. करीना और सैफ को उदास चेहरों के साथ देखा गया, जबकि मलाइका और अमृता भी परिवार का हौसला बढ़ाने पहुंचीं.

संजय और करिश्मा का रिश्ता

संजय और करिश्मा की शादी 2003 में हुई थी, लेकिन 2014 में दोनों अलग हो गए और 2016 में उनका तलाक हो गया. तलाक के दौरान करिश्मा ने संजय और उनकी मां पर घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे. यह मामला उस समय काफी विवादास्पद रहा. तलाक के बाद संजय ने 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की थी.