Budget 2026

करिश्मा कपूर के बच्चों से वसीयत क्यों छुपा रहीं संजय कपूर की पत्नी प्रिया? हाईकोर्ट का सख्त सवाल

Sunjay Kapur Property Dispute: दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की ₹30,000 करोड़ की संपत्ति को लेकर कानूनी विवाद गहराता जा रहा है. दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी पत्नी प्रिया सचदेव से पूछा कि वह वसीयत की लिए करिश्मा कपूर के बच्चों समायरा और कियान के साथ क्यों साझा नहीं कर रहीं. बच्चों का आरोप है कि यह वसीयत फर्जी है और उन्हें संपत्ति से बाहर करने की साजिश की जा रही है.

Social Media
Babli Rautela

Sunjay Kapur Property Dispute: दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की संपत्ति पर चल रहे विवाद में दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर से तीखे सवाल पूछे हैं. अदालत ने उनसे यह साफ करने को कहा कि आखिर वह संजय कपूर की वसीयत की प्रति, संजय और एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों कियान राज कपूर और समायरा कपूर को क्यों नहीं उपलब्ध करा रहीं.

दोनों बच्चों ने अदालत का दरवाजा खटखटाते हुए कहा कि उन्हें पिता की विरासत में हिस्सा मिलना चाहिए. उनका आरोप है कि प्रिया सचदेव द्वारा प्रस्तुत वसीयत फर्जी है और इसी बहाने उन्हें संपत्ति से बाहर करने की कोशिश की जा रही है.

प्रिया सचदेव को अदालत का सख्त आदेश

गुरुवार को सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने प्रिया सचदेव को आदेश दिया कि वह संजय कपूर की सभी चल और अचल संपत्तियों की पूरी सूची अदालत के समक्ष प्रस्तुत करें.
अदालत ने कहा, 'नोटिस जारी करें. दो हफ्ते में जवाब दें, उसके एक हफ्ते बाद प्रत्युत्तर दाखिल करें. जवाबों के साथ प्रतिवादी को ज्ञात सभी संपत्तियों की सूची दाखिल की जाएगी. संपत्ति की जानकारी 12 जून तक घोषित की जानी चाहिए.'

इसके साथ ही न्यायाधीश ने वसीयत की प्रति साझा न करने पर सवाल उठाते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता कि आपको वसीयत की प्रति बच्चों को क्यों नहीं देनी चाहिए. बेशक, एक गोपनीयता समझौता हो सकता है. हम एक गोपनीयता क्लब भी बना सकते हैं. बौद्धिक संपदा के मामलों में हम ऐसा नियमित रूप से करते हैं.'

विवादास्पद वसीयत पर उठे सवाल

कियान और समायरा ने अदालत में दावा किया कि संजय कपूर की वसीयत, जो मार्च 2025 की तारीख वाली है, संदिग्ध परिस्थितियों में तैयार की गई थी. उन्होंने अपनी याचिका में कहा, 'वादीगण के पिता द्वारा कथित रूप से निष्पादित की गई वसीयत कानूनी और वैध दस्तावेज़ नहीं है, बल्कि जाली और मनगढ़ंत है और किसी भी स्थिति में संदिग्ध परिस्थितियों से घिरी हुई है. यही कारण है कि हमें न तो वसीयत की मूल प्रति दिखाई गई है और न ही कोई प्रति उपलब्ध कराई गई है.'

संजय कपूर का जून 2025 में इंग्लैंड में पोलो खेलते समय निधन हो गया था. रिपोर्टों के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति लगभग ₹30,000 करोड़ की है. वह दुनिया की अग्रणी ऑटो पार्ट्स कंपनी सोना कॉमस्टार के संस्थापक और अध्यक्ष थे. उनका निजी जीवन भी चर्चा में रहा. संजय ने वर्ष 2003 से 2016 तक एक्ट्रेस करिश्मा कपूर से विवाह किया था. इस रिश्ते से उनके दो बच्चे हुए – समायरा (2005) और कियान (2011). तलाक के बाद, संजय ने 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की, जिनसे उनका एक बेटा है.