संजय कपूर की संपत्ति विवाद में करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत, प्रिया कपूर को झटका, जानें HC ने क्या दिया आदेश?

करिश्मा कपूर के बच्चों के लिए अच्छी खबर आई है. दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके दिवंगत पिता बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्तियों पर अस्थायी रोक लगा दी है. कोर्ट ने आदेश दिया है कि संजय कपूर के बैंक अकाउंट्स और क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स फिलहाल ऑपरेट नहीं किए जा सकेंगे. 

x
Antima Pal

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के बच्चों के लिए अच्छी खबर आई है. दिल्ली हाईकोर्ट ने उनके दिवंगत पिता बिजनेसमैन संजय कपूर की संपत्तियों पर अस्थायी रोक लगा दी है. कोर्ट ने आदेश दिया है कि संजय कपूर के बैंक अकाउंट्स और क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स फिलहाल ऑपरेट नहीं किए जा सकेंगे.

संजय कपूर की संपत्ति विवाद में HC का बड़ा फैसला

संजय कपूर का जून 2025 में लंदन में निधन हो गया था. उनकी कुल संपत्ति करीब 30,000 करोड़ रुपये बताई जाती है. उनकी तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर और करिश्मा कपूर के दो बच्चे कियान व समैरा के बीच इस विरासत को लेकर काफी विवाद चल रहा है. समायरा और कियान ने कोर्ट में आरोप लगाया है कि प्रिया कपूर ने उनके पिता की वसीयत जाली बनाई है. साथ ही उन्होंने संपत्तियों की पूरी जानकारी भी नहीं दी.

बच्चों का कहना है कि प्रिया द्वारा दी गई लिस्ट में महंगे पोलो घोड़े और ऑडेमार्स पिगुए, रोलेक्स जैसी लग्जरी घड़ियों का जिक्र तक नहीं है. दिल्ली हाईकोर्ट ने इन शंकाओं को गंभीर मानते हुए कहा कि संपत्तियों को सुरक्षित रखना जरूरी है. कोर्ट ने प्रिया कपूर को अंतरिम रोक लगाते हुए इन संपत्तियों को बेचने या किसी भी तरह से नष्ट करने से मना कर दिया है. इसमें विदेशी संपत्तियां और क्रिप्टो निवेश भी शामिल हैं.

करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत

जज ने यह भी कहा कि प्रिया कपूर पर यह साबित करने की जिम्मेदारी है कि वसीयत असली है. बच्चों की तरफ से लगाए गए आरोपों को प्रथम दृष्टया सही माना गया है. कोर्ट ने व्यक्तिगत सामान, आर्टवर्क और प्रोविडेंट फंड की राशि ट्रांसफर करने पर भी रोक लगा दी है. कोर्ट का मानना है कि अगर इस स्टेज पर संपत्तियां बेच दी गईं और बाद में वसीयत जाली साबित हुई तो बच्चों के साथ अन्याय हो जाएगा. इसलिए फिलहाल सब कुछ ज्यों का त्यों रखने का फैसला लिया गया है.

मामला अब ट्रायल में जाएगा जहां वसीयत की वैधता की पूरी जांच होगी. यह फैसला करिश्मा कपूर के बच्चों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है. दोनों बच्चे अपनी मां करिश्मा के साथ मिलकर पिता की संपत्ति में अपना हक मांग रहे हैं. परिवार के अंदर यह कानूनी लड़ाई काफी चर्चा में है क्योंकि इसमें इतनी बड़ी रकम शामिल है. प्रिया सचदेव कपूर की तरफ से अभी तक इस फैसले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.