मुंबई: एस. एस. राजामौली की अगली फिल्म वाराणसी को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. फिल्म की रिलीज में अभी करीब 1 साल बाकी है लेकिन इसकी कहानी को लेकर चर्चा तेज हो गई है. अब एक VFX कंपनी के जरिए सामने आए सारांश ने फिल्म के कई राज खोल दिए हैं. फिल्म पर काम कर रही Cinesite ने अपनी वेबसाइट पर इस प्रोजेक्ट को लिस्ट किया और उसके साथ एक छोटा सा सारांश भी शेयर किया. इस सारांश के मुताबिक फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो भगवान शिव का भक्त है और एक शक्तिशाली पौराणिक वस्तु की तलाश में समय यात्रा पर निकलता है. यहीं से कहानी में बड़ा मोड़ आता है.
महेश बाबु इस फिल्म में रुद्र नाम के किरदार में नजर आएंगे. सारांश के अनुसार वह अपने मिशन पर पृथ्वीराज सुकुमारन के किरदार के कहने पर निकलते हैं. लेकिन धीरे धीरे उन्हें पता चलता है कि जिस व्यक्ति पर उन्होंने भरोसा किया वही असल में एक मास्टरमाइंड है. यह किरदार दुनिया पर राज करने की योजना बना रहा है और पौराणिक शक्ति का इस्तेमाल करना चाहता है.
फिल्म की सबसे खास बात इसका कॉन्सेप्ट है. इसमें टाइम ट्रैवल को भारतीय पौराणिक कथाओं के साथ जोड़ा गया है. कहानी में रामायण काल से जुड़ी एक रहस्यमयी वस्तु का जिक्र है जिसे हासिल करने के लिए पूरा खेल खेला जा रहा है. हालांकि वह वस्तु क्या है यह अभी भी रहस्य बना हुआ है.
इस फिल्म में महेश बाबू के साथ प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम किरदार में नजर आएंगे. तीनों बड़े सितारों की मौजूदगी ने इस प्रोजेक्ट को और भी खास बना दिया है. फैंस को उम्मीद है कि यह फिल्म एक बड़ा सिनेमाई अनुभव देने वाली है.
यह फिल्म राजामौली की ब्लॉकबस्टर फिल्म RRR के बाद उनकी अगली पेशकश है. इस वजह से उम्मीदें और भी ज्यादा बढ़ गई हैं. फिल्म को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है और इसमें इंटरनेशनल क्वालिटी के VFX का इस्तेमाल किया जा रहा है.