मुंबई: दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह बॉलीवुड के सबसे चर्चित कपल्स में से एक हैं. ऐसे में जब रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही थी, तब दीपिका की चुप्पी ने सभी का ध्यान खींच लिया. सोशल मीडिया पर कई लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर दीपिका ने अपने पति की इतनी बड़ी फिल्म के लिए कोई पोस्ट क्यों नहीं किया.
कुछ समय पहले एक सोशल मीडिया रील तेजी से वायरल हुई थी जिसमें दीपिका की चुप्पी पर सवाल उठाए गए थे. रील में दावा किया गया कि जहां फिल्म दुनिया भर में रिकॉर्ड तोड़ रही है वहीं दीपिका ने इसे नजरअंदाज किया. इस वीडियो के बाद इंटरनेट पर बहस और तेज हो गई और लोग तरह तरह के कयास लगाने लगे.
अब इस पूरे मामले पर दीपिका पादुकोण ने खुद रिएक्शन दी है. उन्होंने उस वायरल रील पर कमेंट करते हुए लिखा कि वह इंटरनेट के ड्रामे से बचना चाहती थीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्होंने यह सब पहले ही देख लिया था और अब मजाक किसका बन रहा है. उनका यह जवाब आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का रुख बदल गया.
दीपिका के जवाब के बाद कई यूजर्स ने उनकी तारीफ की. कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने बहुत स्मार्ट तरीके से ट्रोल्स को जवाब दिया. वहीं कई फैंस ने उन्हें मजबूत और समझदार बताते हुए उनका समर्थन किया. सोशल मीडिया पर यह रिएक्शन तेजी से वायरल हो गई. इस बीच धुरंधर 2 बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म ने 20वें दिन करीब 10.10 करोड़ की कमाई की और इसका कुल कलेक्शन 1033.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. यह फिल्म अब तक कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है.
इस पूरे मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है. क्या सेलिब्रिटीज को हर मुद्दे पर सोशल मीडिया पर रिएक्शन देनी चाहिए या उन्हें अपनी निजी पसंद के अनुसार चुप रहने का अधिकार है. दीपिका का जवाब यह दिखाता है कि कभी कभी चुप रहना भी एक मजबूत जवाब हो सकता है.