Rishabh Tandon Death: सिंगर ऋषभ टंडन उर्फ 'फकीर' का निधन, ‘ये आशिकी’ वाले सिंगर की दिल के दौरे से हुई मौत!

Rishabh Tandon Death: जाने माने सिंगर, संगीतकार और एक्टर ऋषभ टंडन, जिन्हें फकीर के नाम से जाना जाता था, का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है. दिल्ली में हुई इस दुखद घटना से फिल्म और संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है.

instagram
Babli Rautela

Rishabh Tandon Death: भारतीय संगीत और अभिनय जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. जाने माने सिंगर, संगीतकार और एक्टर ऋषभ टंडन, जिन्हें उनके मंच नाम फकीर से जाना जाता था, का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ऋषभ का कल देर रात दिल्ली में निधन हो गया. उनके अचानक चले जाने से पूरे मनोरंजन जगत में शोक की लहर फैल गई है.

सूत्रों के अनुसार, ऋषभ टंडन को देर रात अचानक दिल का दौरा (Cardiac Arrest) पड़ा, जिसके बाद उन्हें बचाया नहीं जा सका. उनकी मौत की पुष्टि मशहूर एंटरटेनमेंट पत्रकार विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए की गई है. विरल ने उनकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'बेहद प्रतिभाशाली और संवेदनशील कलाकार ऋषभ टंडन (फकीर) अब हमारे बीच नहीं रहे. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें.' 

‘ये आशिकी’ से मिली थी पहचान

ऋषभ टंडन को संगीत प्रेमी उनके दिल छू लेने वाले गानों के लिए याद करते हैं. उनके कुछ लोकप्रिय गीतों में शामिल हैं, 'ये आशिकी', 'चांद तू', 'धू धू कर के', 'फकीर की जुबानी' इन गानों ने उन्हें एक अनोखी पहचान दिलाई थी. उनकी आवाज में भावनाओं की गहराई और शब्दों में रूहानियत ने उन्हें अपने प्रशंसकों के दिलों में जगह दिलाई. सिर्फ गायक ही नहीं, ऋषभ एक प्रतिभाशाली एक्टर और संगीतकार भी थे. उन्होंने कुछ स्वतंत्र (independent) प्रोजेक्ट्स में काम किया और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म पर अपनी मौजूदगी को मजबूत बनाया. उनके फैंस उन्हें एक बहुमुखी कलाकार के रूप में जानते थे, जो हर काम में पूरी लगन से डूब जाते थे.

सोशल मीडिया पर थी मजबूत मौजूदगी

ऋषभ टंडन सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे. उनके Instagram पर 4.49 लाख (449K) से ज्यादा फॉलोअर्स थे. उनके बायो में लिखा था, 'एक आस्तिक, शिव की शक्तियों से युक्त, गायक | संगीतकार | अभिनेता.' वह अपने फैंस के साथ नियमित रूप से अपनी संगीत यात्रा, आध्यात्मिक विचारों और व्यक्तिगत जीवन के क्षण साझा करते थे. उनके निधन की खबर के बाद, सोशल मीडिया पर फैंस और इंडस्ट्री के लोगों ने श्रद्धांजलि संदेशों की बाढ़ ला दी. कई लोगों ने लिखा, 'इतनी युवा उम्र में इतना बड़ा नुकसान… विश्वास नहीं हो रहा कि फकीर अब हमारे बीच नहीं हैं.'