'सीधे तेरे माथे में गोली मारेंगे...', 'टटीरी' विवाद को लेकर बिश्नोई गैंग के निशाने पर आए सिंगर बादशाह, दे डाली धमकी
बादशाह इन दिनों बुरी तरह विवादों में घिरे हुए हैं. उनका नया हरियाणवी गाना 'टटीरी' रिलीज होते ही सुर्खियों में आ गया, लेकिन वजह अच्छी नहीं. गाने के बोलों को लेकर हरियाणा में काफी बवाल मचा हुआ है. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गाने को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए बादशाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
मुंबई: मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह इन दिनों बुरी तरह विवादों में घिरे हुए हैं. उनका नया हरियाणवी गाना 'टटीरी' रिलीज होते ही सुर्खियों में आ गया, लेकिन वजह अच्छी नहीं. गाने के बोलों को लेकर हरियाणा में काफी बवाल मचा हुआ है. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने गाने को अश्लील और महिलाओं की गरिमा के खिलाफ बताते हुए बादशाह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. आयोग ने उनकी गिरफ्तारी और पासपोर्ट जब्त करने के आदेश तक जारी कर दिए हैं.
इसी बीच एक और बड़ा खतरा सामने आया है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने बादशाह को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे डाली है. हरियाणा के पानीपत में हाल ही में 'वेस्टर्न यूनियन' ऑफिस के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी गैंग ने ली है. सोशल मीडिया पर जारी एक पोस्ट में गैंग ने पहले तो हवाला कारोबारियों को निशाना बताते हुए इसे 'ट्रेलर' कहा, लेकिन पोस्ट के अंत में बादशाह का नाम लेकर चेतावनी दी गई.
गैंग ने लिखा है कि बादशाह ने हरियाणा की संस्कृति को खराब करने की कोशिश की है. उन्होंने याद दिलाया कि 2024 में बादशाह के क्लब पर हमला किया गया था, जो एक तरह का 'ट्रेलर' था. अब अगली बार सीधे माथे में गोली मारने की बात कही गई है. गैंग का कहना है कि बादशाह के गानों से हरियाणा की छवि खराब हो रही है और 'टटीरी' जैसे गाने इसी का हिस्सा हैं. यह धमकी म्यूजिक इंडस्ट्री में हड़कंप मचा रही है.
बादशाह पहले भी कई बार विवादों में रहे हैं, लेकिन इस बार मामला काफी गंभीर लग रहा है. एक तरफ कानूनी कार्रवाई की तलवार लटकी हुई है, तो दूसरी तरफ गैंगस्टरों की धमकी. बादशाह ने अभी तक इस धमकी पर कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से उन्हें अलर्ट रहना होगा. 'टटीरी' गाना हरियाणवी स्टाइल में है, लेकिन इसके बोलों पर आपत्ति जताई जा रही है कि ये संस्कृति और महिलाओं का मजाक उड़ा रहे हैं. हरियाणा में कई लोग और संगठन इसे लेकर नाराज हैं. पुलिस और प्रशासन जांच कर रहे हैं.