T20 World Cup 2026 Holi 2026

'एक हफ्ते में 10 करोड़ दो, नहीं तो...', सलमान के बाद सिंगर बी प्राक के पीछे पड़ा लॉरेंस बिश्नोई! दी जान से मारने की धमकी

पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर बी प्राक को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकी मिली है. कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए 10 करोड़ रुपये की मांग की गई है. मामले की शिकायत मोहाली पुलिस में दर्ज कराई गई है और जांच जारी है.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: पंजाबी और हिंदी सिनेमा के मशहूर गायक बी प्राक को लेकर एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है. धमकी के साथ 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है. इस घटना के बाद संगीत जगत और उनके फैंस में चिंता का माहौल है.

जानकारी के अनुसार यह धमकी सीधे बी प्राक को नहीं बल्कि पंजाबी सिंगर दिलनूर के जरिए दी गई. 5 जनवरी को दिलनूर के पास दो बार कॉल आया लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया. इसके बाद 6 जनवरी को विदेशी नंबर से फिर कॉल किया गया. जब दिलनूर ने कॉल उठाई तो बात संदिग्ध लगी और उन्होंने कॉल काट दी.

वॉयस मैसेज में क्या कहा गया

कॉल काटे जाने के बाद दिलनूर को एक वॉयस मैसेज भेजा गया. इस मैसेज में कॉलर ने खुद को आरजू बिश्नोई बताया और कहा कि वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है. मैसेज में साफ तौर पर कहा गया कि बी प्राक को बता दो कि दस करोड़ रुपये चाहिए. एक हफ्ते का समय है. यह कोई मजाक नहीं है और अगर पैसे नहीं मिले तो अंजाम बुरा होगा.

जांच में सामने आया है कि धमकी देने वाला व्यक्ति विदेश में बैठा हुआ है. कॉल और वॉयस मैसेज विदेशी नंबरों से किए गए. यह तरीका पहले भी कई मामलों में सामने आ चुका है जहां गैंगस्टर भारत से बाहर रहकर धमकियां देते हैं. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कॉल कहां से और किस नेटवर्क के जरिए किए गए.

मोहाली पुलिस में दर्ज शिकायत

वॉयस मैसेज मिलने के बाद दिलनूर ने छह जनवरी को ही मोहाली के एसएसपी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साइबर टीम कॉल डिटेल्स और वॉयस रिकॉर्डिंग की तकनीकी जांच कर रही है ताकि धमकी देने वाले की पहचान पुख्ता हो सके.

बी प्राक का असली नाम प्रतीक बच्चन है. उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में एक संगीत निर्माता के रूप में करियर की शुरुआत की थी. बाद में उनका गाना मन भरया सुपरहिट हुआ और उन्होंने गायक के तौर पर पहचान बनाई. इसके बाद उन्होंने कई बड़ी फिल्मों में गाने दिए और अपनी अलग पहचान बनाई.