करीना ने पहली बार शाहिद की पत्नी मीरा राजपूत को किया इनवाइट, शो में पूछ लिया ऐसा सवाल
करीना कपूर के चैट शो 'What Women Want' में पहली बार शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत मेहमान बनकर पहुंचीं.
बॉलीवुड में कुछ रिश्ते भले ही वक्त के साथ पीछे छूट जाएं, लेकिन उनकी चर्चा कभी खत्म नहीं होती. करीना कपूर और शाहिद कपूर की पुरानी लव स्टोरी भी ऐसी ही है. दोनों अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं और अपनी-अपनी फैमिली के साथ खुश हैं. लेकिन अब इस पुरानी कहानी से जुड़ा एक दिलचस्प मोड़ सामने आया है. करीना ने पहली बार शाहिद कपूर की पत्नी मीरा राजपूत को अपने चैट शो 'What Women Want' में बुलाया. इस दौरान दोनों के बीच मदरहुड को लेकर ऐसी बातचीत हुई, जिसने सबका ध्यान खींच लिया.
तीसरे बच्चे की चर्चा पर मीरा ने साफ कर दी बात
शो के प्रोमो में करीना मीरा से पूछती हैं कि उन्होंने अपने बारे में अब तक की सबसे अजीब अफवाह कौन-सी सुनी है. मीरा बताती हैं कि उनके और शाहिद के तीसरे बच्चे को लेकर अक्सर बातें होती रहती हैं. इस पर करीना मजाक में कहती हैं कि ऐसा हो भी सकता है. मीरा तुरंत जवाब देती हैं कि बिल्कुल नहीं, उनका परिवार पूरा हो चुका है.
कम उम्र में मां बनने पर क्या बोलीं मीरा?
बातचीत के दौरान करीना ने मीरा से पूछा कि क्या वह जिंदगी के किसी दूसरे पड़ाव पर मां बनना पसंद करतीं. मीरा ने कहा कि वह अपनी मदरहुड जर्नी में कुछ भी बदलना नहीं चाहेंगी. उनके मुताबिक, मां बनना किसी भी उम्र में चुनौतीपूर्ण होता है. हर दौर में बच्चों की परवरिश के अपने अनुभव और मुश्किलें होती हैं, जिनका सामना हर मां को करना पड़ता है.
Also Read
शाहिद के साथ ने मुश्किल समय को बनाया आसान
मीरा ने बताया कि बच्चों की परवरिश के दौरान शाहिद ने उनका खूब साथ दिया. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी दोनों बहनों के बच्चे पहले से थे. उन्हें देखकर मीरा को बच्चों की देखभाल से जुड़ी कई बातें सीखने का मौका मिला. उनके मुताबिक, इस सफर में चुनौतियां जरूर थीं, लेकिन वह अपनी जिंदगी को किसी दूसरे तरीके से नहीं जीना चाहती थीं.
घर में ऐसे बंटती हैं शाहिद और मीरा की जिम्मेदारियां
करीना ने मीरा से पूछा कि वह और शाहिद बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारियां कैसे बांटते हैं. इस पर मीरा ने कहा कि पति-पत्नी के बीच काम का बंटवारा जरूरी है, क्योंकि एक व्यक्ति सब कुछ नहीं संभाल सकता. उन्होंने बताया कि घर में खेल और खानपान की जिम्मेदारी शाहिद देखते हैं, जबकि बच्चों का होमवर्क, जन्मदिन की पार्टियां और क्लास से जुड़े काम वह संभालती हैं. किसी एक के बाहर होने पर दूसरा सभी जिम्मेदारियां निभाता है.
करीना और शाहिद का रिश्ता भी रहा है चर्चा में
करीना और शाहिद की यह मुलाकात इसलिए भी खास है, क्योंकि दोनों कभी एक-दूसरे के करीब थे. दोनों की मुलाकात फिल्म 'फिदा' की शूटिंग के दौरान हुई थी. इसके बाद उन्होंने 'चुप चुप के', '36 चाइना टाउन' और 'जब वी मेट' जैसी फिल्मों में साथ काम किया. साल 2007 में दोनों का रिश्ता खत्म हो गया. बाद में करीना ने सैफ अली खान और शाहिद ने मीरा राजपूत से शादी की. करीना के दो बेटे तैमूर और जहांगीर हैं, जबकि शाहिद और मीरा के दो बच्चे मीशा और जैन हैं.