'मुझे सेक्सी दिखने में मजा आता है', 'पेड्डी' विवाद पर बोलीं श्रुति हासन
फिल्म 'पेड्डी' में महिलाओं के चित्रण और ऑब्जेक्टिफिकेशन को लेकर जारी विवाद पर श्रुति हासन ने अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि वह अपने फैसलों से सहज हैं, लेकिन जाह्नवी के अनुभव पर कुछ नहीं कह सकतीं.
अभिनेत्री श्रुति हासन ने फिल्म 'पेड्डी' में महिलाओं के चित्रण और ऑब्जेक्टिफिकेशन को लेकर चल रही बहस पर अपनी बात रखी है. फिल्म के गाने 'हेल्लाल्लालो' में स्पेशल अपीयरेंस देने वाली श्रुति ने कहा कि उन्हें सेक्सी दिखने और डांस करने में मजा आता है. हालांकि, उन्होंने साफ किया कि वह इस मामले में दूसरी अभिनेत्रियों के अनुभव पर टिप्पणी नहीं कर सकतीं. 'गलाट्टा प्लस' को दिए इंटरव्यू में श्रुति से पूछा गया कि फिल्मों में स्पेशल डांस नंबर क्यों रखे जाते हैं और उन्होंने 'हेल्लाल्लालो' गाने के लिए हामी क्यों भरी थी?
'असहज होने पर काम करने से मना कर देती हूं'
श्रुति ने कहा कि उन्हें डांस करना और सजना-संवरना पसंद है. उनके मुताबिक, पर्दे पर अपनी सेक्सुअलिटी को दिखाना उनके लिए खुद को आजाद महसूस कराने वाला अनुभव रहा है. उन्होंने बताया कि अगर किसी कपड़े या सीन को लेकर वह सहज नहीं होतीं तो साफ मना कर देती हैं. इसके लिए उन्हें कई बार बहस भी करनी पड़ी है और मुश्किल अभिनेत्री तक कहा गया है. हालांकि, उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है.
Also Read
अभिनेत्री ने कहा कि अगर वह किसी गाने या सीन का हिस्सा बनती हैं तो इसका मतलब है कि वह अपने फैसले से पूरी तरह सहज हैं. वह किसी पुरुष की पसंद या नजरिए को खुश करने के लिए ऐसा नहीं करतीं.
ऑब्जेक्टिफिकेशन पर क्या बोलीं श्रुति हासन?
श्रुति ने माना कि फिल्मों में महिलाओं को एक वस्तु की तरह दिखाने को लेकर चर्चा जरूरी है. हालांकि, उनका मानना है कि इस समस्या को केवल आइटम सॉन्ग या छोटे कपड़ों तक सीमित नहीं रखना चाहिए. उनके मुताबिक, समाज और फिल्म इंडस्ट्री के कई दूसरे पहलुओं में भी लोगों को खुश करने की कोशिश की जाती है.
जाह्नवी कपूर के अनुभव पर टिप्पणी से किया इनकार
जब श्रुति से फिल्म में जाह्नवी कपूर के किरदार और उनके अनुभव को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि वह जाह्नवी की ओर से कुछ नहीं बोल सकतीं. दोनों अभिनेत्रियां फिल्म के गाने 'हेल्लाल्लालो' में नजर आई थीं, लेकिन जाह्नवी ने फिल्म में महिलाओं के चित्रण को किस तरह महसूस किया, यह उनका निजी अनुभव है.
जाह्नवी पहले ही जता चुकी हैं नाराजगी
जाह्नवी कपूर ने अक्टूबर में 'कॉफी विद करण' में फिल्म को लेकर हुई आलोचना पर बात की थी. उन्होंने माना था कि फिल्म में महिलाओं को दिखाने का तरीका समस्याग्रस्त था. खासतौर पर यौन उत्पीड़न के चित्रण का समाज पर नकारात्मक असर पड़ सकता है.
जाह्नवी ने यह भी माना था कि उन्हें फिल्म में महिलाओं के ऑब्जेक्टिफिकेशन को लेकर ज्यादा सतर्क रहना चाहिए था. उन्होंने कहा था कि भविष्य में अपने प्रोजेक्ट्स के दौरान वह ऐसी स्थिति दोबारा नहीं आने देंगी.
इन फिल्मों में नजर आएंगी श्रुति हासन
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रुति हासन हाल ही में 20 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म 'आकासमलो ओका तारा' में नजर आई थीं. अब वह विजय सेतुपति के साथ तमिल थ्रिलर फिल्म 'ट्रेन' में दिखाई देंगी. इस फिल्म का निर्देशन मिश्किन ने किया है और यह 4 दिसंबर को रिलीज होने वाली है.