'मेरा भी गाने से ब्रेक लेने का मन करता है...', क्या म्यूजिक से दूर होंगी श्रेया घोषाल? अरिजीत सिंह के रिटायरमेंट पर दिया बड़ा बयान
अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से हटने के फैसले पर सिंगर श्रेया घोषाल ने अपना रिएक्शन शेयर किया है. उन्होंने कहा कि कभी कभी उनका भी गाने से ब्रेक लेने का मन करता है. साथ ही उन्होंने अरिजीत की तारीफ करते हुए कहा कि ऐसा साहसी फैसला लेना आसान नहीं होता.
मुंबई: बॉलीवुड म्यूजिक इंडस्ट्री में हाल ही में उस समय चर्चा तेज हो गई जब मशहूर सिंगर अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से हटने का फैसला लिया. उनके इस फैसले ने फैंस के साथ साथ कई कलाकारों को भी हैरान कर दिया. अब इस पर सिंगर श्रेया घोषाल ने भी अपना रिएक्शन साझा किया है. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान श्रेया घोषाल ने अरिजीत सिंह के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि ऐसा फैसला लेने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए. उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कई बार उनके मन में भी काम से ब्रेक लेने का ख्याल आता है.
इंटरव्यू में श्रेया घोषाल ने अपनी सिंगिंग फिलॉसफी के बारे में भी खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि लाइव परफॉर्मेंस उनके करियर और पहचान का सबसे अहम हिस्सा है. श्रेया ने साफ कहा कि वह स्टेज पर कभी भी लिप सिंक करने में सहज महसूस नहीं करतीं. उनके अनुसार अगर किसी कलाकार को गाने के दौरान सिर्फ होंठ हिलाने पड़ें तो वह उनके लिए सही तरीका नहीं है. उन्होंने कहा कि जिस दिन उन्हें स्टेज पर लिप सिंक करना पड़ेगा उस दिन वह गाना छोड़ देना बेहतर समझेंगी.
अरिजीत की ईमानदारी की की तारीफ
श्रेया घोषाल ने अरिजीत सिंह की तारीफ करते हुए कहा कि वह दिल से एक सच्चे म्यूजिशियन हैं. उनके अनुसार अरिजीत हमेशा वही करते हैं जिससे उन्हें खुशी मिलती है. उन्होंने कहा कि अरिजीत यह नहीं सोचते कि वह म्यूजिक क्यों बना रहे हैं या इससे उन्हें क्या फायदा होगा. उनके लिए सबसे अहम चीज संगीत है. श्रेया के मुताबिक यही वजह है कि लोग अरिजीत सिंह से इतना गहरा जुड़ाव महसूस करते हैं. उनकी सादगी और ईमानदारी ने ही उन्हें फैंस के दिलों में खास जगह दिलाई है.
देवदास से शुरू हुआ श्रेया का शानदार सफर
श्रेया घोषाल ने अपने प्लेबैक सिंगिंग करियर की शुरुआत फिल्म देवदास से की थी. इस फिल्म का संगीत इस्माइल दरबार ने तैयार किया था और श्रेया ने बैरी पिया गाने से अपनी पहचान बनाई. इस गाने के लिए उन्हें बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और बॉलीवुड के साथ साथ कई भाषाओं में अपनी आवाज का जादू बिखेरा.
आज श्रेया घोषाल हिंदी के अलावा बंगाली कन्नड़ तेलुगु तमिल और मलयालम जैसी कई भाषाओं में गाने गा चुकी हैं. उनकी आवाज और गायकी की शैली ने उन्हें देश की सबसे लोकप्रिय सिंगर्स में शामिल कर दिया है.
और पढ़ें
- 'बैटल ऑफ गलवां' का बदला गया टाइटल, जानें अब किस नाम से रिलीज होगी सलमान खान की फिल्म?
- मेटैलिक गाउन में प्रियंका और टक्सीडो में निक... ऑस्कर आफ्टर पार्टी में 'देसी गर्ल' ने बिखेरा हुस्न का जादू
- ऑस्कर अवॉर्ड्स 2026 के रेड कार्पेट पर पति निक जोनस संग प्रियंका चोपड़ा की शानदार एंट्री, आउटफिट में यूं दिए देसी गर्ल ने पोज