शाहरुख की 'किंग' होगी सबसे लंबी फिल्मों में शामिल, रनटाइम ने बढ़ाई फैंस की एक्साइटमेंट

शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' अपने कथित रनटाइम को लेकर चर्चा में है. अमेरिकी टिकटिंग वेबसाइट फैंडैंगो के मुताबिक, फिल्म 3 घंटे 17 मिनट लंबी हो सकती है.

Pinterest
Km Jaya

बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान की मच अवेटेड फिल्म 'किंग' को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अब इसके रनटाइम को लेकर एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान की यह फिल्म 3 घंटे से भी ज्यादा लंबी हो सकती है. अगर इस खबर पर आधिकारिक मुहर लग जाती है, तो करीब 20 साल बाद अभिनेता की कोई फिल्म इतनी लंबी होगी.

शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' के रनटाइम को लेकर अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि, मशहूर अमेरिकी मूवी टिकटिंग वेबसाइट फैंडैंगो की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 17 मिनट बताया जा रहा है. यानी दर्शकों को बड़े पर्दे पर शाहरुख का एक्शन और रोमांच करीब 197 मिनट तक देखने को मिल सकता है.

शाहरुख खान की फिल्म बनाएगी रिकॉर्ड

अगर 'किंग' का रनटाइम 3 घंटे 17 मिनट फाइनल होता है, तो यह पिछले 20 साल में शाहरुख खान की पहली ऐसी फिल्म होगी, जो तीन घंटे से ज्यादा लंबी होगी. इससे पहले साल 2006 में रिलीज हुई उनकी फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' का रनटाइम 3 घंटे 13 मिनट था. करण जौहर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन और प्रीति जिंटा नजर आए थे.


शाहरुख की ये फिल्में भी थीं तीन घंटे से ज्यादा लंबी

शाहरुख खान अपने करीब 34 साल के फिल्मी करियर में कई ऐसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिनका रनटाइम तीन घंटे से ज्यादा था. इनमें 'कभी खुशी कभी गम', 'मोहब्बतें', 'देवदास', 'स्वदेस', 'वीर जारा' और 'कल हो ना हो' जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं. इन फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला और इनमें से कई आज भी बॉलीवुड की यादगार फिल्मों में गिनी जाती हैं.

'जवान' और 'पठान' से कितनी अलग होगी 'किंग'?

शाहरुख खान की पिछली बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की बात करें तो साल 2023 में रिलीज हुई 'जवान' का रनटाइम 2 घंटे 49 मिनट था. वहीं, उनकी दूसरी बड़ी कमाई करने वाली फिल्म 'पठान' करीब 2 घंटे 26 मिनट लंबी थी. ऐसे में 'किंग' का कथित 3 घंटे 17 मिनट का रनटाइम इन दोनों फिल्मों से काफी ज्यादा होगा.

फिल्म में नजर आएंगे ये बड़े सितारे

'किंग' में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान भी अहम भूमिका में नजर आएंगी. वहीं, अभिषेक बच्चन फिल्म में निगेटिव किरदार निभाते दिखाई देंगे. फिल्म में रानी मुखर्जी, जैकी श्रॉफ, दीपिका पादुकोण, अनिल कपूर, राघव जुयाल, अभय वर्मा, अरशद वारसी और जयदीप अहलावत जैसे कलाकार भी शामिल हैं. इसके अलावा करीना कपूर खान के फिल्म के 'डैडी कूल' गाने में नजर आने की खबरें हैं.

कब रिलीज होगा 'किंग' का ट्रेलर और फिल्म?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' का ट्रेलर 14 दिसंबर को रिलीज किया जा सकता है. वहीं, फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. हालांकि, ट्रेलर की तारीख और रनटाइम को लेकर मेकर्स की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. अब देखना दिलचस्प होगा कि शाहरुख खान की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या कमाल दिखाती है.