मुंबई: मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली ने मंगलवार 24 फरवरी को अपना 63वां जन्मदिन मनाया. इसी बीच सोशल मीडिया पर खबरें वायरल होने लगीं कि उन्हें हार्ट अटैक आया है और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इन दावों के बाद फैंस के बीच चिंता बढ़ गई. अब इस मामले पर उनके परिवार ने आधिकारिक बयान जारी कर इस बारें में सफाई दी है.
भंसाली के परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मिस्टर संजय लीला भंसाली बिल्कुल ठीक हैं. वह केवल रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और चिंता की कोई बात नहीं है. बयान में यह भी कहा गया कि सभी के प्यार, देखभाल और चिंता के लिए दिल से धन्यवाद. यह संदेश भंसाली प्रोडक्शंस के इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी के जरिए साझा किया गया.
इन दिनों भंसाली अपनी आगामी फिल्म 'लव एंड वॉर' के प्रोडक्शन में व्यस्त हैं. इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल नजर आएंगे. फिल्म को लेकर पहले से ही काफी उत्साह है. ऐसे में उनकी तबीयत को लेकर आई खबरों ने फिल्म इंडस्ट्री में हलचल मचा दी थी. हालांकि अब परिवार की सफाई के बाद स्थिति साफ हो गई है.
संजय लीला भंसाली केवल निर्देशक ही नहीं बल्कि प्रोड्यूसर, स्क्रीनराइटर, एडिटर और म्यूजिक कंपोजर भी हैं. उन्हें सात नेशनल फिल्म अवॉर्ड सहित कई सम्मान मिल चुके हैं. साल 2015 में उन्हें पद्म श्री से भी सम्मानित किया गया था. उन्होंने 1996 में फिल्म खामोशी द म्यूजिकल से निर्देशन की शुरुआत की. इसके बाद हम दिल दे चुके सनम और देवदास जैसी फिल्मों से उन्हें बड़ी सफलता मिली.
फिल्म Black के लिए उन्हें बेस्ट फीचर फिल्म का नेशनल अवॉर्ड मिला. इसके बाद गोलियों की रासलीला राम लीला, बाजीराव मस्तानी, पद्मावत और गंगूबाई काठियावाड़ी जैसी भव्य फिल्मों ने उन्हें अलग मुकाम पर पहुंचाया. उन्होंने वेब सीरीज हीरामंडी के जरिए ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी कदम रखा. हाल ही में उन्होंने फिल्म दो दीवाने सहर में को को प्रोड्यूस किया.