इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद के बाद समय रैना की धमाकेदार वापसी, कॉमेडियन लाए नया कॉमेडी शो
कॉमेडियन समय रैना ने लंबे विवाद के बाद अपने नए कॉमेडी स्पेशल स्टिल अलाइव की घोषणा कर दी है. फैंस उनकी वापसी से बेहद उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर जमकर रिएक्शन दे रहे हैं.
मुंबई: लंबे समय से विवादों में घिरे रहने के बाद आखिरकार मशहूर कॉमेडियन समय रैना ने जोरदार वापसी का ऐलान कर दिया है. उनका नया कॉमेडी स्पेशल स्टिल अलाइव अब चर्चा का केंद्र बन चुका है और फैंस इस खबर से खुद को शांत नहीं रख पा रहे हैं. यह वापसी इसलिए भी खास मानी जा रही है क्योंकि पिछले साल उनका शो इंडियाज गॉट लेटेंट बड़े विवाद में फंस गया था, जिसके बाद समय ने खुद को सार्वजनिक मंच से काफी हद तक दूर कर लिया था.
रविवार को समय रैना ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने नए कॉमेडी स्पेशल की घोषणा की है. वीडियो में उन्होंने अपने शो की शुरुआत से लेकर विवाद तक की पूरी कहानी दिखाई. इसमें 2024 में शो के लॉन्च से लेकर 2025 में हुए विवाद तक की झलक देखने को मिली. वीडियो के आखिर में उन्होंने अपने नए शो स्टिल अलाइव की घोषणा की, जिससे यह साफ हो गया कि अब वह फिर से अपने कॉमिक अंदाज में दर्शकों के बीच लौटने को तैयार हैं.
क्या था इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद?
फरवरी 2025 में रणवीर अल्लाहबादिया शो में गेस्ट के रूप में शामिल हुए थे. इस दौरान उन्होंने एक कंटेस्टेंट से ऐसा सवाल पूछा, जिसे लेकर देशभर में नाराजगी फैल गई. इस घटना के बाद शो के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज हुईं और सोशल मीडिया पर जमकर विरोध हुआ. इस विवाद में अपूर्वा मुखीजा और आशीष चंचलानी का नाम भी सामने आया, क्योंकि वे भी उसी एपिसोड का हिस्सा थे. स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि समय रैना को अपने शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटाने पड़े.
विवाद के बाद का संघर्ष
विवाद के बाद समय रैना और उनकी टीम को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. कानूनी कार्रवाई, सोशल मीडिया ट्रोलिंग और धमकियों के बीच उन्होंने कुछ समय के लिए खुद को सार्वजनिक गतिविधियों से दूर रखा. बाद में एक इंटरव्यू में समय ने यह भी स्वीकार किया कि उन्हें उस विवादित हिस्से को एडिट न करने का अफसोस है. उनका यह बयान दर्शाता है कि उन्होंने अपनी गलती से सीख ली और अब एक नई शुरुआत के लिए तैयार हैं.