IPL 2026

Maatrubhumi: मातृभूमि में सलमान खान बिखेरेंगे जलवा, 200 डांसरों के साथ गाना रिकॉर्ड; कोरियोग्राफर भी हो गए फैन

‘मातृभूमि’ में एक भव्य गाना शामिल किया गया है, जिसमें करीब 200 डांसर्स नजर आएंगे. इस गाने को कोरियोग्राफर मुदस्सर खान ने तैयार किया है. उन्होंने सलमान खान की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ की.

X (@SKFilmsOfficial)
Meenu Singh

नई दिल्ली: भारतीय फैंस भाई जान सलमान खान की अगली फिल्म मातृभूमि के लिए बेहद उत्साहित हैं. लेकिन फिल्म फिलहाल चर्चा का विषय बनी हुई है. लेकिन इसकी रिलीज डेट को लेकर अब भी सस्पेंस बरकरार है. फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए दिलचस्प बात यह है कि इस प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर तैयार किया जा रहा है. हाल ही में फिल्म से जुड़े एक खास गाने को लेकर नई जानकारी सामने आई है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है. 

बताया जा रहा है कि ‘मातृभूमि’ में एक भव्य गाना शामिल किया गया है, जिसमें करीब 200 डांसर्स नजर आएंगे. इस गाने को कोरियोग्राफर मुदस्सर खान ने तैयार किया है. उन्होंने सलमान खान की परफॉर्मेंस की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि अभिनेता ने गाने में बेहद दमदार अंदाज दिखाया है. यह गाना पांच दिनों तक शूट किया गया और इसे फिल्म का एक बड़ा आकर्षण माना जा रहा है.

फिल्म में हुए बड़े बदलाव

दिलचस्प बात यह है कि यह फिल्म पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से बनाई जा रही थी. हालांकि बाद में इसकी कहानी और टाइटल दोनों में बदलाव कर दिया गया. अब इसे ‘मातृभूमि’ नाम से तैयार किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में कई क्रिएटिव बदलाव किए गए हैं, जिसकी वजह से इसकी रिलीज डेट भी आगे खिसक गई.

गाने को लेकर सामने आई खास जानकारी

कोरियोग्राफर मुदस्सर खान ने एक इंटरव्यू में बताया कि फिल्म का यह गाना काफी बड़े लेवल पर शूट हुआ है. उन्होंने कहा कि सलमान खान ने इसमें शानदार एनर्जी के साथ परफॉर्म किया है. उनके मुताबिक गाने का एडिटिंग वर्क अभी जारी है और फिल्म का पूरा काम भी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है.

रिलीज डेट पर अब भी सस्पेंस

बता दें फिल्म पहले अप्रैल में रिलीज होने वाली थी लेकिन तय समय पर यह सिनेमाघरों तक नहीं पहुंच सकी. अब माना जा रहा है कि अगस्त तक फिल्म से जुड़ा कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है. हालांकि रिलीज को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.

भारतीय सेना के अधिकारी की भूमिका में सलमान

फिल्म में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू का किरदार निभाते नजर आएंगे. कहानी 2020 में गलवान घाटी में हुए भारत-चीन संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है. हालांकि मेकर्स ने इसे सिर्फ युद्ध पर आधारित फिल्म न बनाकर भावनात्मक और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ पेश करने की कोशिश की है.