'इस आंदोलन का श्रेय केवल...', CJP प्रोटेस्ट के समर्थन में उतरे सलमान खान
सलमान खान ने कहा कि आने वाले वर्षों में पढ़ाई इतनी आकर्षक और महत्वपूर्ण बननी चाहिए कि दूसरे देशों के छात्र भी भारत में शिक्षा हासिल करने के लिए आएं.
बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने सीजेपी के बैनर तले चल रहे छात्र आंदोलन का समर्थन किया है. उन्होंने इसके सपोर्ट में एक्स पर ट्वीट करते शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग का समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और यह दुखद है कि हालात हिंसा तक पहुंच गए. सलमान ने आंदोलन के दौरान घायल हुए छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका दिल उन सभी के साथ है, जिन्होंने इस संघर्ष में कठिनाइयों का सामना किया.
पेपर लीक को बताया गंभीर चुनौती
सलमान खान ने अपने संदेश में कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं देश की शिक्षा व्यवस्था के लिए बेहद गंभीर चिंता का विषय हैं. उन्होंने खुशी जताई कि देशभर के छात्र बेहतर शिक्षा प्रणाली की मांग को लेकर एकजुट हुए हैं. अभिनेता ने यह भी कहा कि छात्रों के माता-पिता ने जिस तरह उनका साथ दिया, वह इस आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाता है. उनके अनुसार यह केवल परीक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य से जुड़ा सवाल है.
Also Read
युवाओं के जज्बे की खुलकर सराहना
अभिनेता ने छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और शिक्षा के प्रति समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह पीढ़ी अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ एक शिक्षित भारत के निर्माण के लिए भी प्रयासरत है. उन्होंने आंदोलन को सही दिशा में उठाया गया कदम बताते हुए कहा कि छात्रों ने साहस और संयम का परिचय दिया है. सलमान के मुताबिक शिक्षा के लिए इस तरह की सकारात्मक सोच भारत को आगे ले जाएगी और यही युवा आने वाले समय में देश का नाम रोशन करेंगे.
आंदोलन को राजनीति से दूर रखने की अपील
सलमान खान ने कहा कि यह पूरा मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के बीच का है, इसलिए इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस आंदोलन का श्रेय केवल उन छात्रों को मिलना चाहिए जिन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद की. उन्होंने भरोसा जताया कि सरकार भी छात्रों की भावनाओं को समझेगी और शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाएगी.
भारत को शिक्षा का वैश्विक केंद्र बनाने का सपना
अपने संदेश के अंत में सलमान खान ने शिक्षा को देश का सबसे बड़ा ट्रेंड बनाने की बात कही. उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में पढ़ाई इतनी आकर्षक और महत्वपूर्ण बननी चाहिए कि दूसरे देशों के छात्र भी भारत में शिक्षा हासिल करने के लिए आएं. उनके अनुसार भारत को वैश्विक शिक्षा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में यह आंदोलन एक सकारात्मक शुरुआत साबित हो सकता है. उन्होंने छात्रों के बेहतर भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव की कामना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं.