IPL 2026 Weather IMD

ब्रेन हेमरेज के बाद अब किस हाल में हैं सलमान खान के पिता सलीम खान, डॉक्टरों ने रिकवरी पर दी बड़ी अपडेट

90 साल के सलीम खान को हाई ब्लड प्रेशर और हल्के ब्रेन हेमरेज के बाद मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया. अस्पताल ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और उन्हें जल्द ही वेंटिलेटर से हटा दिया जाएगा.

Social Media
Babli Rautela

मुंबई: मशहूर लेखक सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस में चिंता फैल गई थी. 17 फरवरी को सुबह उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. अब अस्पताल प्रशासन ने प्रेस ब्रीफिंग कर उनकी सेहत पर ताजा जानकारी साझा की है. अस्पताल के डॉक्टर जलील पारकर ने बताया कि सलीम खान को हल्का ब्रेन हेमरेज हुआ है, जिसके लिए सर्जरी की आवश्यकता नहीं है. उनका ब्लड प्रेशर भी बढ़ा हुआ था, इसलिए एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया. डॉक्टरों के अनुसार यह कदम सुरक्षा के लिहाज से उठाया गया था ताकि उनकी स्थिति और न बिगड़े.

उन्होंने बताया कि डिजिटल सबट्रैक्शन एंजियोग्राफी नामक एक प्रक्रिया की गई, जिसे सर्जरी नहीं माना जाता. यह प्रक्रिया सफल रही है. फिलहाल सलीम खान ICU में हैं लेकिन उनकी हालत स्थिर है और वे धीरे धीरे बेहतर हो रहे हैं.

किस हाल में है सलीम खान?

डॉक्टरों ने भरोसा दिलाया कि अगर स्थिति इसी तरह स्थिर रहती है तो उन्हें अगले दिन वेंटिलेटर से हटा दिया जाएगा. डॉक्टरों का कहना है कि उनकी उम्र को देखते हुए रिकवरी की रफ्तार थोड़ी धीमी है, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है. अस्पताल में उनके बेटे सलमान खान, अरबाज खान, बेटी अलवीरा और अन्य परिजन लगातार मौजूद रहे. परिवार के निजी चिकित्सक डॉ. संदीप चोपड़ा ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया था.

एक्सपर्ट की टीम कर रही देखभाल

सलीम खान के इलाज के लिए न्यूरोलॉजिस्ट, कार्डियोलॉजिस्ट और न्यूरोसर्जन समेत विशेषज्ञों की टीम निगरानी कर रही है. अस्पताल ने मरीज की निजता का सम्मान करते हुए ज्यादा मेडिकल विवरण साझा नहीं किए हैं. फिलहाल राहत की बात यह है कि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. प्रशंसक और शुभचिंतक उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.