Saiyaara Box Office Collection Day 18: 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, 500 करोड़ के पार पहुंची कमाई

फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी वाली इस फिल्म ने रिलीज के तीन हफ्तों में ही 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. यह फिल्म न केवल दर्शकों के दिलों में जगह बना रही है, बल्कि 'वॉर' और 'डंकी' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पछाड़ रही है.

social media
Antima Pal

Saiyaara Box Office Collection Day 18: मोहित सूरी की रोमांटिक म्यूजिकल फिल्म 'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी वाली इस फिल्म ने रिलीज के तीन हफ्तों में ही 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. यह फिल्म न केवल दर्शकों के दिलों में जगह बना रही है, बल्कि 'वॉर' और 'डंकी' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पछाड़ रही है. यश राज फिल्म्स ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा, 'सैयारा ने आपके दिलों में जगह बनाई और हम इसके लिए बेहद शुक्रगुजार हैं.'

'सैयारा' ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल

'सैयारा' में अहान पांडे ने एक उभरते हुए म्यूजिशियन कृष कपूर का किरदार निभाया है, जबकि अनीत पड्डा ने शर्मीली लेखिका वाणी बत्रा की भूमिका में जान डाली है. दोनों की ताजगी भरी केमिस्ट्री और फिल्म की इमोशनल कहानी ने दर्शकों को खूब रुलाया और हंसाया. मोहित सूरी की खास शैली, जिसमें प्यार, टूटन और भावनाओं का मिश्रण होता है, ने एक बार फिर जादू चलाया. फिल्म का म्यूजिक भी चार्टबस्टर साबित हुआ, जिसमें मिथुन, तनिष्क बागची और विशाल मिश्रा जैसे संगीतकारों का योगदान है.


18वें दिन भी 'सैयारा' की रफ्तार कम नहीं हुई. फिल्म ने भारत में 370 करोड़ रुपये से ज्यादा और विदेशों में 129 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर यह 500 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई. यह 2025 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है, जो केवल विक्की कौशल की 'छावा' से पीछे है.

दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है 'सैयारा'

'सैयारा' की सफलता इसलिए भी खास है, क्योंकि यह दो नए चेहरों की फिल्म है. इसने सलमान खान की 'सिकंदर' और शाहरुख खान की 'डंकी' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया. ट्रेड एनालिस्ट्स का कहना है कि फिल्म जल्द ही 600 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है. 1 अगस्त को रिलीज हुई 'धड़क 2' और 'सन ऑफ सरदार 2' के बावजूद 'सैयारा' दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है.