Rose Day: शाहरुख, आमिर से लेकर इमरान खान तक... जब बॉलीवुड स्टार्स ने गुलाब देकर किया था अपनी हीरोइन को इम्प्रेस

आज 7 फरवरी को रोज डे के साथ वैलेंटाइन वीक की शुरुआत हो चुकी है. इस खास मौके पर बॉलीवुड फिल्मों के वो यादगार सीन चर्चा में हैं, जहां सुपरस्टार्स ने गुलाब के जरिए अपनी हीरोइन को इम्प्रेस किया.

Instagram
Babli Rautela

नई दिल्ली: 7 फरवरी यानी रोज डे से वैलेंटाइन वीक की शुरुआत होती है. इस दिन गुलाब को प्यार का सबसे खूबसूरत जरिया माना जाता है. बॉलीवुड फिल्मों में भी गुलाब के जरिए प्यार जताने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. कभी माफी मांगने के लिए, कभी दोस्ती से प्यार तक का सफर दिखाने के लिए, तो कभी मजाकिया अंदाज में गुलाब का इस्तेमाल किया गया है.

दिलवाले दुल्हनियां ले जाएंगे

शाहरुख खान और काजोल की यह फिल्म रोमांस की पहचान बन चुकी है. फिल्म के एक आइकॉनिक सीन में शाहरुख खान काजोल से माफी मांगने के लिए लाल गुलाब लेकर आते हैं. दोनों एक दूसरे की आंखों में खो जाते हैं, लेकिन तभी शाहरुख गुलाब की पिचकारी चलाकर काजोल को चौंका देते हैं. यह सीन आज भी दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान ले आता है.

दिल चाहता है

प्यार से दूर भागने वाले आमिर खान का किरदार भी गुलाब के बिना नहीं रह सका. फिल्म के गाने जाने क्यों में आमिर खान प्रीति जिंटा को फूल देते हैं. जैसे ही प्रीति फूल पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाती हैं, उनके हाथ सिर्फ डंडी आती है. यह सीन फिल्म के हल्के फुल्के रोमांस को और यादगार बना देता है.

खिलाड़ी

अक्षय कुमार और आयशा जुल्का की इस फिल्म में गुलाब के दो रंग नजर आते हैं. अक्षय कुमार पहले दोस्ती के लिए पीला गुलाब देते हैं और फिर प्यार जताने के लिए लाल गुलाब. हालांकि आयशा गुस्से में आकर गुलाब उनके मुंह पर फेंक देती हैं. यह सीन आज भी फैंस को खूब हंसाता है.

आई हेट लव स्टोरीज

फिल्म में इमरान खान का किरदार प्यार से नफरत करता है, लेकिन सोनम कपूर को देखकर सब बदल जाता है. इमरान खान कैंडल लाइट डिनर, म्यूजिक और लाल गुलाब के साथ सोनम कपूर को रोमांटिक अंदाज में प्रपोज करते हैं. यह सीन यंग ऑडियंस के बीच काफी पॉपुलर हुआ था.

मोहब्बतें

रोज डे पर सबसे प्यारा और अलग अंदाज अनुपम खेर और अर्चना पूरन सिंह का नजर आता है. फिल्म में अनुपम खेर के साथ आमतौर पर सख्त दिखने वाली अर्चना रोज डे पर नरम पड़ जाती हैं. वह अनुपम के हाथों से अपने बालों में गुलाब लगवाती हैं. यह सीन प्यार और सम्मान का खूबसूरत संदेश देता है.

क्यों आज भी याद हैं ये सीन

इन फिल्मों के गुलाब वाले सीन इसलिए खास हैं क्योंकि इनमें सिर्फ रोमांस ही नहीं, बल्कि मासूमियत, ह्यूमर और इमोशन भी शामिल है. यही वजह है कि सालों बाद भी रोज डे पर ये सीन सोशल मीडिया और फैंस के बीच चर्चा में आ जाते हैं.