menu-icon
India Daily

अचानक तबीयत बिगड़ने से अभिनेता सुनील थापा का निधन, 'मैरी कॉम' और 'द फैमिली मैन' जैसी फिल्मों में आ चुके नजर

दिग्गज अभिनेता सुनील थापा की अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया है. इस खबर को सुनने के बाद इंडस्ट्री में मातम पसर गया है.

antima
Edited By: Antima Pal
अचानक तबीयत बिगड़ने से अभिनेता सुनील थापा का निधन, 'मैरी कॉम' और 'द फैमिली मैन' जैसी फिल्मों में आ चुके नजर
Courtesy: x

मुंबई: नेपाली सिनेमा के दिग्गज अभिनेता सुनील थापा अब इस दुनिया में नहीं रहे. 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. 'मैरी कॉम' और 'द फैमिली मैन' जैसी लोकप्रिय फिल्मों और वेब सीरीज में अपनी शानदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीतने वाले सुनील थापा का निधन शुक्रवार सुबह काठमांडू के नॉर्विक अस्पताल में हुआ. 

अचानक तबीयत बिगड़ने से अभिनेता सुनील थापा का निधन

डॉक्टर्स के अनुसार उनकी मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई. सुनील थापा को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था. उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी. अस्पताल के चेयरपर्सन राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सुबह 7:44 बजे ईसीजी से उनकी मौत की पुष्टि हुई. वे घर में बेहोश हो गए थे और तुरंत अस्पताल पहुंचाए गए, लेकिन बच नहीं पाए.

300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम

नेपाली सिनेमा में सुनील थापा को 'राते काइला' के नाम से जाना जाता था. फिल्म 'चीनो' में उनके विलेन रोल ने उन्हें बहुत प्रसिद्धि दिलाई. नेपाली फिल्म इंडस्ट्री में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया. उनकी दमदार परफॉर्मेंस और खास स्टाइल ने उन्हें नेपाली सिनेमा का 'गब्बर' कहा जाने लगा. बॉलीवुड में भी सुनील थापा ने कई यादगार भूमिकाएं निभाईं. 

'मैरी कॉम' में निभाया मैरी के कोच का किरदार

प्रियंका चोपड़ा की फिल्म 'मैरी कॉम' में उन्होंने मैरी के कोच का किरदार निभाया, जो दर्शकों को बहुत पसंद आया. इसके अलावा अमेजन प्राइम की वेब सीरीज 'द फैमिली मैन' में भी वे नजर आए. भोजपुरी फिल्मों में भी उनकी मजबूत मौजूदगी रही. उन्होंने बॉलीवुड में 'एक दूजे के लिए' से शुरुआत की थी और कई फिल्मों में काम किया.

बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर

सुनील थापा का जन्म 19 मई 1960 को हुआ था. वे नेपाली सिनेमा के साथ-साथ भारतीय सिनेमा में भी सक्रिय रहे. उन्होंने एवरेस्ट फिल्म एकेडमी के चेयरमैन के रूप में भी काम किया. उनकी मौत से नेपाली और बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है. कई सेलेब्स और फैंस ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है.