अंडरवर्ल्ड में नाम बनाने के लिए रची गई थी खौफनाक साजिश, रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस में बड़ा सच आया सामने

रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुख्य आरोपी को आगरा से गिरफ्तार किया गया है, जिसने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं.

X
Babli Rautela

मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है. इस मामले में मुख्य शूटर को गिरफ्तार कर लिया गया है. यह कार्रवाई मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश एसटीएफ की संयुक्त टीम ने की. आरोपी को आगरा के बाह इलाके से पकड़ा गया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार उर्फ गांठ के रूप में हुई है. शुरुआती पूछताछ में उसने कबूल किया कि उसने यह हमला अंडरवर्ल्ड में अपना नाम बनाने के लिए किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी सोशल मीडिया पर लोनकर गैंग से प्रभावित था और उसी से प्रेरित होकर उसने इस वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई.

साथियों के साथ मिलकर रची थी पूरी साजिश

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने अपने साथियों सनी, दीपू और सोनू के साथ मिलकर इस हमले को अंजाम दिया. इन सभी का मकसद था कि इस तरह की बड़ी वारदात करके वे अपराध की दुनिया में अपनी पहचान बना सकें. इस केस में पहले भी कई लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. पुलिस ने इससे पहले एक अन्य आरोपी गोलू पंडित को भी गिरफ्तार किया था, जो इस घटना में शामिल था. अब तक कुल कई आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की जा रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है.

स्कूटर के जरिए जुड़ते गए सबूत

मुंबई पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किए गए स्कूटर का भी पता लगा लिया है. यह स्कूटर पुणे के एक व्यक्ति से खरीदा गया था. जांच में पता चला कि आरोपी ने स्कूटर को पहले एक तय जगह पर छोड़ा और फिर वारदात को अंजाम दिया. इससे पुलिस को केस सुलझाने में अहम सुराग मिले. इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आया था. हालांकि आरोपियों के वकील ने इस संबंध से इनकार किया है. पुलिस अभी इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या इस हमले के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क काम कर रहा था.

जानकारी के मुताबिक, 1 फरवरी को रोहित शेट्टी के घर के बाहर चार राउंड फायरिंग की गई थी. घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था. राहत की बात यह रही कि इस हमले में कोई घायल नहीं हुआ.