बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही 'धुरंधर 2', 34वें दिन भी की धुंआधार कमाई
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी 'धुरंधर 2' अब पांचवें हफ्ते में चल रही है. कंप्टीशन बढ़ने से कमाई की रफ्तार धीमी जरूर हुई है, लेकिन वीकडेज में भी फिल्म करोड़ों कमा रही है. सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक 34वें दिन फिल्म ने 2 करोड़ का कलेक्शन किया. इसके साथ ही 'धुरंधर 2' की कुल कमाई 1119.29 करोड़ रुपये हो गई है.
मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर रुकने का नाम नहीं ले रही. नई फिल्म 'भूत बंगला' की रिलीज के बावजूद इसकी कमाई जारी है. 34वें दिन यानी पांचवें मंगलवार को फिल्म ने फिर से तेजी दिखाई और 2 करोड़ रुपये बटोरे.
34 दिन में 1119 करोड़ पार
आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी 'धुरंधर 2' अब पांचवें हफ्ते में चल रही है. कंप्टीशन बढ़ने से कमाई की रफ्तार धीमी जरूर हुई है, लेकिन वीकडेज में भी फिल्म करोड़ों कमा रही है. सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक 34वें दिन फिल्म ने 2 करोड़ का कलेक्शन किया. इसके साथ ही 'धुरंधर 2' की कुल कमाई 1119.29 करोड़ रुपये हो गई है.
हफ्तेवार कमाई का हाल
फिल्म ने पहले हफ्ते में रिकॉर्ड 674.17 करोड़ रुपये कमाए थे. दूसरे हफ्ते में कलेक्शन 263.65 करोड़ रहा. तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 110.60 करोड़ और चौथे हफ्ते में 54.70 करोड़ का बिजनेस किया. पांचवें हफ्ते की शुरुआत भी अच्छी रही. 30वें दिन फिल्म ने 2.70 करोड़, 31वें दिन 4.65 करोड़ और 32वें दिन 5.20 करोड़ कमाए. 33वें दिन कलेक्शन 1.62 करोड़ रहा. इसके बाद 34वें दिन यानी मंगलवार को फिर से 2 करोड़ का आंकड़ा छू लिया. वीकेंड पर फिल्म की कमाई में साफ उछाल देखने को मिला था.
क्या 1200 करोड़ का आंकड़ा छू पाएगी?
'धुरंधर 2' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है. यह बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है. कमाई के मामले में इसने कई बड़ी पैन इंडिया फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया. अभी सिर्फ अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' इससे आगे है. फिल्म 1100 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. अब सबकी नजरें 1200 करोड़ क्लब पर टिकी हैं. इसके लिए 'धुरंधर 2' को अभी करीब 80 करोड़ रुपये और कमाने होंगे.
ट्रेड एक्सपर्ट्स मानते हैं कि पांचवें हफ्ते में पहुंचने के बाद फिल्म की कमाई काफी कम हो जाती है. ऐसे में 80 करोड़ का सफर आसान नहीं होगा. हालांकि 'धुरंधर 2' लगातार सरप्राइज दे रही है. वीकेंड पर इसकी पकड़ अभी भी मजबूत दिखती है. अगर आने वाले दिनों में छुट्टी या कोई खास मौका रहा तो कलेक्शन बढ़ सकता है. फिलहाल इतना तय है कि 'भूत बंगला' जैसी नई रिलीज भी 'धुरंधर 2' की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगा पाई. रणवीर सिंह की यह फिल्म अब भी थिएटर्स में डटी हुई है और हर दिन नए रिकॉर्ड की तरफ बढ़ रही है.