नेटफ्लिक्स पर रिलीज के साथ ही धुरंधर ने तोड़े कई रिकॉर्ड, पाकिस्तान समेत इन 5 खाड़ी देशों में भी बनीं नंबर 1
रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म धुरंधर ओटीटी पर जबरदस्त सफलता हासिल कर रही है. नेटफ्लिक्स पर रिलीज के बाद यह फिल्म पांच देशों में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन चुकी है और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है.
मुंबई: रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना की फिल्म धुरंधर भले ही सिनेमाघरों में रिलीज को लेकर सीमित रही हो, लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इसने जबरदस्त धमाल मचा दिया है. फिल्म के सीक्वल धुरंधर 2 की चर्चा के बीच इसका पहला पार्ट नेटफ्लिक्स पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रहा है. फिल्म को पाकिस्तान के सिनेमाघरों में रिलीज की इजाजत नहीं मिली थी, लेकिन जैसे ही इसे नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया, वहां दर्शकों ने इसे हाथों हाथ लिया. यही वजह है कि यह लगातार कई दिनों तक पाकिस्तान में नंबर वन फिल्म बनी रही.
नेटफ्लिक्स के आधिकारिक डाटा के मुताबित धुरंधर सिर्फ पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि कुल पांच देशों में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई है. इन देशों में बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, ओमान और मॉरीशस शामिल हैं.
नेटफ्लिक्स की नंबर वन फिल्म रही धुरंधर
जानकारी के मुताबिक 26 जनवरी से 1 फरवरी के सप्ताह में पाकिस्तान में धुरंधर नेटफ्लिक्स की नंबर वन फिल्म रही. खास बात यह है कि फिल्म 30 जनवरी को ही ओटीटी पर रिलीज हुई थी और सिर्फ तीन दिनों में ही पूरे सप्ताह की सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्म बन गई.
धुरंधर का क्रेज यहीं तक सीमित नहीं है. श्रीलंका और बांग्लादेश में भी यह फिल्म बीते कुछ दिनों से ट्रेंडिंग लिस्ट में दूसरे नंबर पर बनी हुई है. इंडस्ट्री जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में इन देशों में भी यह फिल्म नंबर वन पोजिशन हासिल कर सकती है. इस तरह देखा जाए तो धुरंधर ने साउथ एशिया और खाड़ी देशों में भारतीय फिल्मों की लोकप्रियता को एक बार फिर साबित कर दिया है.
टॉप 3 में छाई भारतीय फिल्में
नेटफ्लिक्स की टॉप फिल्मों की लिस्ट पर नजर डालें तो साफ दिखता है कि भारतीय सिनेमा का दबदबा कायम है. धुरंधर जहां पहले नंबर पर है, वहीं दूसरे नंबर पर धनुष और कृति सैनन की फिल्म 'तेरे इश्क में' मौजूद है. तीसरे नंबर पर इमरान हाशमी और यामी गौतम की फिल्म 'हक' बनी हुई है. यानी टॉप तीनों पोजिशन पर भारतीय फिल्में ही काबिज हैं, जो ओटीटी पर देश के कंटेंट की मजबूत पकड़ को दिखाता है.
धुरंधर ने ओटीटी पर रिलीज होते ही कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में ही 76 लाख व्यूज हासिल कर लिए. यह आंकड़ा अब तक भारत में नेटफ्लिक्स पर रिलीज किसी भी फिल्म का सबसे बड़ा शुरुआती व्यूज माना जा रहा है.
और पढ़ें
- 'लड़ ले आजा', कौन है एल्विश यादव का नया फैन पवन चेची? वीडियो में देखें कैसे प्रिंस नरूला को खुलेआम दी धमकी
- मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'घूसखोर पंडित' पर छिड़ा विवाद, टाइटल को लेकर क्यों मिल रही बॉयकॉट की धमकी!
- डॉन 3 और कृष 4 में एंट्री के सवाल से क्यों बचती दिखीं प्रियंका चोपड़ा? सालों बाद बॉलीवुड में वापसी कर रही हैं 'देसी गर्ल'