मुंबई: रणदीप हुड्डा ने अपनी नन्हीं बेटी का चेहरा दुनिया के सामने दिखा दिया है. साथ ही उन्होंने बेटी का नाम भी रिवील कर दिया. अभिनेता और उनकी पत्नी लिन लैशराम ने अपनी लाडली का नाम न्योमिका हुड्डा रखा है. यह खुशखबरी उन्होंने इंस्टाग्राम पर शेयर की, जिससे फैंस काफी उत्साहित हैं.
रणदीप ने पोस्ट में दो खूबसूरत तस्वीरें शेयर की हैं. पहली फोटो में लिन अपनी बेटी को सीने से लगाए निहार रही हैं. दूसरी तस्वीर में लिन मुस्कुराते हुए न्योमिका को गोद में लिए दिख रही हैं. पोस्ट के कैप्शन में रणदीप ने लिखा- 'हमारी दुनिया का एक नया केंद्र... न्योमिका हुड्डा.' उन्होंने एक प्यारा ऑडियो भी जोड़ा है, जिसमें वे अपनी बेटी को प्यार से 'न्योमिका' नाम से पुकार रहे हैं.
न्योमिका नाम का मतलब बहुत खास और गहरा है. रणदीप हुड्डा ने बताया कि न्योमिका का अर्थ है भगवान की कृपा, स्वतंत्रता और आसमान की तरह असीम. यह नाम उनके परिवार के लिए दिव्य आशीर्वाद जैसा है. दिलचस्प बात यह है कि यह सुंदर नाम रणदीप की बहन अंजलि हुड्डा ने चुना है, जो परिवार के लिए और भी खास बनाता है.
रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम की शादी साल 2023 में हुई थी. उन्होंने मणिपुर के इंफाल में पारंपरिक मैतेई रीति-रिवाज से शादी की थी. उनकी शादी की तस्वीरें उस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थीं. अब इस कपल को अपनी पहली संतान की खुशी मिली है. बेटी अभी एक महीने की हो चुकी है. इस खास मौके पर रणदीप और लिन ने अपनी लाडली की पहली झलक फैंस के साथ शेयर की. फैंस इस पोस्ट पर भरपूर प्यार दे रहे हैं. कई लोग कमेंट करके न्योमिका को बधाई दे रहे हैं और नाम की सुंदरता की तारीफ कर रहे हैं.