IPL 2026

'राम करुणा, साहस और धर्म के प्रतीक...', 'रामायण' में भगवान राम का किरदार निभाने पर पहली बार बोले रणबीर कपूर, जानें क्या कहा?

लॉस एंजिल्स में रामायण भाग 1 के टीज़र इवेंट में रणबीर कपूर ने भगवान राम का किरदार निभाने के बारे में बात करते हुए कहा- 'राम करुणा, साहस, धर्म और क्षमा के प्रतीक हैं.' उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम बताते हुए उन्होंने आगे कहा कि यह किरदार आदर्श पुरुष का प्रतिनिधित्व करता है. फिल्म दिवाली 2026 को रिलीज होने वाली है.

x
Antima Pal

मुंबई: नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म 'रामायण' के पहले पार्ट का टीजर जल्द ही रिलीज होने वाला है. हाल ही में लॉस एंजिल्स में टीजर के लॉन्च इवेंट में रणबीर कपूर ने भगवान राम के किरदार को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि राम करुणा, साहस, सत्य और क्षमा के प्रतीक हैं. राम सदियों से दुनिया भर के करोड़ों लोगों के अंतर्मन के रखवाले रहे हैं.

राम साहस के लिए खड़े हैं

रणबीर कपूर ने इवेंट में कहा- 'राम हमें विपरीत परिस्थितियों में भी मानव आत्मा की ताकत सिखाते हैं. राम करुणा के लिए, साहस के लिए, धर्म के लिए और क्षमा के लिए खड़े हैं. उन्हें मर्यादा पुरुषोत्तम कहा जाता है, जो आदर्श मनुष्य का प्रतीक है.'

यह इवेंट लॉस एंजेलिस में हुआ, जहां रणबीर कपूर के साथ डायरेक्टर नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा भी मौजूद थे. टीम ने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए टीजर का खास ग्लिम्प्स दिखाया. रणबीर ने अपने किरदार को लेकर गहरी समझ जाहिर की और बताया कि राम का चरित्र हमें जीवन की सही राह दिखाता है.

8 नवंबर 2026 को रिलीज होगा रामायण पार्ट 1

रामायण पार्ट 1 इस साल दिवाली (8 नवंबर 2026) को रिलीज होगी, जबकि दूसरा पार्ट अगली दिवाली 2027 में आएगा. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम का रोल कर रहे हैं. साई पल्लवी सीता बन रही हैं, रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे और सनी देओल हनुमान की भूमिका में हैं. 

2 मिनट 38 सेकंड होगी टीजर की लंबाई

टीजर को CBFC से 'U' सर्टिफिकेट मिल गया है, यानी इसे हर उम्र के लोग देख सकते हैं. टीजर की लंबाई 2 मिनट 38 सेकंड बताई जा रही है. 2 अप्रैल 2026 को हनुमान जयंती के मौके पर यह टीजर आधिकारिक तौर पर रिलीज होगा. मुंबई में एक बड़े इवेंट में मीडिया और फैन्स की मौजूदगी में इसका भव्य लॉन्च किया जाएगा.

आखिरी बार 'एनिमल' में नजर आए थे रणबीर कपूर

रणबीर कपूर आखिरी बार संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म एनिमल में दिखे थे. अब रामायण उनके करियर की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी फिल्म मानी जा रही है. इवेंट में रणबीर की ये बातें सुनकर सब प्रभावित नजर आए. उन्होंने राम को सिर्फ एक धार्मिक किरदार नहीं, बल्कि जीवन जीने का आदर्श बताया. 


प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी इस प्रोजेक्ट को कई सालों से तैयार कर रहे हैं. फिल्म के VFX, स्केल और कहानी की गहराई को लेकर पहले से ही चर्चा है. लॉस एंजेलिस इवेंट में टीजर दिखाने के बाद फैन्स का उत्साह और बढ़ गया है. अब सबकी नजर 2 अप्रैल को रिलीज होने वाले 'रामा' टीजर पर है.