'आदिपुरुष 2 जैसा लग रहा है...', रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देख कैसा था लोगों का रिएक्शन?
रामायण के टीजर पर सोशल मीडिया पर मिले जुले रिएक्शन सामने आए हैं. जहां कुछ लोगों ने रणबीर कपूर की जमकर तारीफ की, वहीं कुछ ने इसे आदिपुरुष जैसा बताया.
मुंबई: नितेश तिवारी की मोस्टअवेटेड फिल्म रामायण का टीजर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है. इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं, जबकि यश को रावण के रूप में पेश किया गया है. भव्य इवेंट में लॉन्च हुए इस टीजर ने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है. लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग अलग तरह के रिएक्शन भी सामने आ रहे हैं.
टीजर में रणबीर कपूर का राम अवतार कई लोगों को बेहद पसंद आया. उनका शांत, संतुलित और राजसी अंदाज लोगों को काफी प्रभावशाली लगा. X पर कई यूजर्स ने उनके लुक की तारीफ करते हुए कहा कि कास्टिंग बिल्कुल सही है और रणबीर इस किरदार के लिए परफेक्ट नजर आ रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि यह शानदार सिनेमा है और इसके विजुअल्स हैरान कर देने वाले हैं.
आदिपुरुष से तुलना ने छेड़ी बहस
हालांकि सभी की राय एक जैसी नहीं है. कुछ यूजर्स ने इस टीजर की तुलना आदिपुरुष से कर दी. Reddit पर एक यूजर ने लिखा कि यह आदिपुरुष 2 जैसा लग रहा है, बस इसके विजुअल्स थोड़े बेहतर हैं. वहीं एक यूजर ने कहा कि यह किसी फैन द्वारा बनाया गया ट्रेलर जैसा लग रहा है, जिसमें आदिपुरुष के शॉट्स का इस्तेमाल किया गया हो.
Giving Adipurush 2.0 vibes with slightly better vfx🙂✌️
by u/dfvggcvhbggvv in BollyBlindsNGossip
यश के रावण अवतार ने बढ़ाई उत्सुकता
टीजर में यश की झलक ने भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है. हालांकि उनका चेहरा पूरी तरह नहीं दिखाया गया, लेकिन उनकी मौजूदगी ने फिल्म को लेकर सस्पेंस बढ़ा दिया है. फैंस अब बेसब्री से उनके पूरे लुक का इंतजार कर रहे हैं.