राजपाल यादव का भतीजी की विदाई में फूट-फूटकर रोने का वीडियो आया सामने, जेल से बाहर आने के बाद शादी में हुए थे शामिल
राजपाल यादव अंतरिम जमानत पर रिहा होने के बाद हाल ही में उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर गए थे. जेल से बाहर आने के तुरंत बाद उन्होंने शादी में शिरकत की और तब से समारोह की कई तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई हैं. अभिनेता के लिए चल रही कानूनी परेशानियों के बीच शादी का जश्न मनाया गया.
मुंबई: बॉलीवुड के मशहूर कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव की एक भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. यह वीडियो उनकी भतीजी की विदाई के दौरान का है, जिसमें राजपाल यादव अपनी भतीजी को गले लगाकर भावुक होते नजर आ रहे हैं. वे उसे सांत्वना देते हुए प्यार से 'समझदार' कहते दिख रहे हैं. यह पल परिवार की मिठास और भावनाओं से भरा हुआ है, जो देखकर हर किसी का दिल छू गया.
राजपाल यादव हाल ही में दिल्ली हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत पर रिहा हुए थे. वे एक 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस केस में फंसे थे. कोर्ट ने उन्हें जमानत देते हुए 1.5 करोड़ रुपये जमा करने का निर्देश दिया था. जमानत की शर्तों में उनका पासपोर्ट सरेंडर करना और बिना अनुमति विदेश न जाना शामिल है. 5 फरवरी को वे तिहाड़ जेल में सरेंडर किए थे, जहां कोर्ट ने उन्हें 6 महीने की सजा सुनाई थी. लेकिन जमानत मिलने के बाद वे सीधे उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर पहुंचे, जहां उनका पैतृक गांव कुंडरा है. यहां उन्होंने भतीजी की शादी में शामिल होकर खुशियां मनाईं.
शादी के उत्सव में राजपाल यादव का एक और वीडियो भी काफी चर्चा में है. मेहंदी फंक्शन के दौरान वे सलमान खान के सुपरहिट गाने 'तेरी चुनरिया दिल ले गई' पर जोर-शोर से नाचते दिखे. धोती-कुर्ता पहने हुए वे परिवार की महिलाओं के साथ जमकर ठुमके लगा रहे थे. उनका यह एनर्जेटिक अंदाज देखकर फैंस खुश हो गए और इसे 'आजादी की सेलिब्रेशन' कहकर कमेंट्स किए. उनकी पत्नी राधा यादव भी नाचती नजर आईं.
जेल से बाहर आने के बाद परिवार के साथ समय बिताना और खुशियां मनाना राजपाल यादव के लिए बहुत खास रहा. भतीजी की विदाई का यह भावुक पल उनके जीवन के मुश्किल दौर के बाद परिवार के महत्व को दिखाता है. सोशल मीडिया पर लोग उनकी इस संवेदनशीलता और खुशमिजाजी की तारीफ कर रहे हैं. एक तरफ भावुक विदाई, दूसरी तरफ जोशीला डांस राजपाल यादव का यह दौर फैंस को बहुत पसंद आ रहा है.