'वो एक और मदद कर दें...', राजपाल यादव ने तिहाड़ से बाहर आते ही इंडस्ट्री से मांगा काम

रिहाई के बाद राजपाल यादव ने कहा कि वह जल्द प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखेंगे. फैंस के लिए यह राहत की खबर है. राजपाल यादव की कॉमेडी और अनोखी एक्टिंग स्टाइल ने हमेशा हंसी बिखेरी है. अब उम्मीद है कि इंडस्ट्री उन्हें फिर से मौके देगी और उनका सफर दोबारा पटरी पर आएगा.

x
Antima Pal

मुंबई: राजपाल यादव तिहाड़ जेल से बाहर आ गए हैं और अब इंडस्ट्री से काम की अपील कर रहे हैं. 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 12-13 दिनों की कैद के बाद दिल्ली हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर 17 फरवरी 2026 को उन्होंने जेल छोड़ी. यह राहत भतीजी की शादी के लिए मिली है और 18 मार्च 2026 तक वैध है. रिहाई के बाद राजपाल ने मीडिया से बातचीत में भावुक होकर फैंस, बॉलीवुड और पूरे देश का शुक्रिया अदा किया.

जेल से बाहर आकर राजपाल यादव ने इंडस्ट्री से मांगा काम

राजपाल यादव ने कहा- 'मुझे सपोर्ट करने के लिए आप सबका बहुत-बहुत शुक्रिया. बच्चों से लेकर बूढ़ों तक, हर उम्र के लोगों ने मुझे प्यार दिया. भारतीय सिनेमा में मेरे इस सफर में इतना प्यार मिला कि मैं तहे दिल से आभारी हूं.' उन्होंने उन लोगों का भी धन्यवाद किया जिन्होंने सोशल मीडिया पर उनका साथ दिया और यहां तक कि आलोचना करने वालों का भी, क्योंकि उनकी दुआओं और आशीर्वाद से ही वह आगे बढ़े. 

'किरदार मेरी मर्जी का और पैसा उनकी मर्जी का...'

राजपाल ने बताया कि 2027 में उनका बॉलीवुड में 30 साल पूरे हो जाएंगे और उन्होंने 200-250 फिल्में की हैं, जो सब देश की जनता के प्यार से संभव हुआ. जेल के अनुभव पर बात करते हुए राजपाल ने बताया कि तिहाड़ जेल अच्छी तरह मैनेज की जाती है और वहां का खाना भी काफी अच्छा था. उन्होंने अपनी दिनचर्या के बारे में भी कुछ बातें शेयर कीं, लेकिन मुख्य फोकस सपोर्ट और आगे की जिंदगी पर रहा. फिल्म इंडस्ट्री से मदद मांगते हुए राजपाल ने दिल छू लेने वाली अपील की. 

'हर कदम पर सहयोग करने को तैयार'

उन्होंने कहा- 'जिन लोगों ने पहले मेरी मदद की है, वो एक बार फिर मदद कर दें. मुझे अच्छे किरदार दें. किरदार मेरी मर्जी का और पैसा उनकी मर्जी का. जो फीस तय करेंगे, वो मंजूर है.' यह बयान दिखाता है कि आर्थिक मुश्किलों के बीच भी राजपाल काम करके खुद को संभालना चाहते हैं. उन्होंने आरोपों का जवाब देने की बात भी कही और कहा कि 2012 से चला यह मामला 2026 में आया है, लेकिन वह हर कदम पर सहयोग करने को तैयार हैं. यह केस 2012 में रिलीज हुई फिल्म 'अता पता लापता' से जुड़ा है, जहां राजपाल ने प्रोड्यूसर से लोन लिया था, लेकिन फिल्म फ्लॉप होने पर पैसे नहीं लौटा पाए और ब्याज के साथ रकम बढ़ गई.