'मैं घटिया और नीच...', विजय के CM बनने पर रजनीकांत को हुई जलन? MK स्टालिन संग मुलाकात पर दिया जवाब
पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म है. कहा जा रहा है कि रजनीकांत ने विजय की जीत पर बधाई नहीं दी और एम के स्टालिन से मिले हैं. अब आखिरकार एक्टर ने मीडिया से बातचीत में इन तमाम अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है.
मुंबई: मेगास्टार रजनीकांत ने आज रविवार को मीडिया से खुलकर बात की है. बता दें की पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर अफवाह है कि एक्टर की विजय की जीत पर बधाई नहीं दी है. अपने पोएस गार्डन घर पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए, इस दिग्गज एक्टर ने तमाम अफवाहों का जवाब देने का फैसला किया है. ये फैसला इसलिए भी जरूरी था क्योंकि सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चल रही कई अफवाहों को अब सच माना जाने लगा था.
CM विजय से जलन पर रजनीकांत
रजनीकांत ने साफ किया कि चुनाव नतीजों के बाद स्टालिन से उनकी मुलाकात पूरी तरह से दोस्ती पर आधारित थी. उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के पीछे कोई राजनीतिक मकसद नहीं था. उन्होंने बताया कि दोनों के बीच लगभग 4 दशकों से गहरा रिश्ता रहा है. बातचीत में रजनीकांत ने कहा कि 'चुनाव नतीजों के बाद, मैं श्री स्टालिन से मिला. इस पर कुछ आलोचनाएं हुईं. श्री स्टालिन 38-40 सालों से मेरे दोस्त हैं. हमारी दोस्ती राजनीति से परे है. लोकतंत्र में जीत और हार आम बात है. फिर भी, मुझे थोड़ा बुरा लगा कि स्टालिन हार गए. इसलिए मैं उनसे एक दोस्त के तौर पर मिला. इस पर कुछ लोगों ने कहा कि रजनीकांत वहां यह चर्चा करने गए थे कि विजय को CM बनने से कैसे रोका जाए. ऐसी स्थिति में, मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि रजनीकांत कोई ऐसे घटिया इंसान नहीं हैं. यह बात साफ हो जानी चाहिए,'
विजय को पोस्ट शेयर कर दी थी शुभकामनाएं
एक्टर ने उन दावों का भी जवाब दिया कि विजय के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने उन्हें ठीक से बधाई नहीं दी. रजनीकांत ने कहा कि चुनाव नतीजों के तुरंत बाद ही उन्होंने X पर अपनी शुभकामनाएं पोस्ट कर दी थीं. उन्होंने कहा, 'यह कहा गया कि मैंने एयरपोर्ट पर विजय को बधाई नहीं दी. जैसे ही वे जीते, मैंने X पर अपनी बधाई पोस्ट कर दी थी... मैं राजनीति में नहीं हूं. मैं पहले ही राजनीति छोड़ चुका हूं. जब मैं राजनीति में ही नहीं हूं, तो मुझे उनसे जलन क्यों होगी?... जिसके नसीब में जो लिखा है, वह होकर रहेगा; और जो नहीं लिखा, वह नहीं होगा,' उन्होंने कहा.
उन्होंने आगे कहा, '52 साल की उम्र में उसने MGR या NTR से भी ज्यादा हासिल किया है. फिल्म इंडस्ट्री से आकर उसने अकेले ही ताकतवर पार्टियों और BJP को हराया है. मुझे जलन नहीं है, बल्कि मुझे हैरानी और खुशी दोनों महसूस हो रही है. मैं उसकी तारीफ करता हूं. इसलिए जलन का तो कोई सवाल ही नहीं है. लोगों को विजय से बहुत उम्मीदें हैं. मुझे यकीन है कि वह उन्हें पूरा करेगा. मेरी शुभकामनाएं उसके साथ हैं.'