T20 World Cup 2026

‘मैं रोने लगा…’, इमरान हाशमी संग ‘कहो न कहो’ सीन पर ये क्या बोल गए राघव जुयाल, इंटरनेट पर मचाया तहलका!

Raghav Juyal Video: आर्यन खान के डायरेक्शन में बनी नेटफ्लिक्स सीरीज द बैड्स ऑफ बॉलीवुड का एक सीन, जिसमें राघव जुयाल और इमरान हाशमी ने अभिनय किया, इंटरनेट पर वायरल हो गया. इस सीन में राघव ने अपने किरदार परवेज के माध्यम से इमरान हाशमी के गाने 'कहो ना कहो' का शानदार प्रदर्शन किया.

Instagram booksb4looks_
Babli Rautela

Raghav Juyal Video: आर्यन खान के डायरेक्शन में बनी नेटफ्लिक्स की नई सीरीज़ द बैड्स ऑफ बॉलीवुड अपने दिलचस्प और भावपूर्ण सीन के कारण चर्चा में है. शो का एक खास सीन, जिसमें राघव जुयाल और इमरान हाशमी एक साथ दिखाई दे रहे हैं, इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है. इस सीन में राघव का किरदार परवेज इमरान हाशमी का कट्टर फैंस है और 2004 की फिल्म मर्डर का हिट गाना 'कहो ना कहो' गाता है. राघव ने हिंदी और अरबी दोनों वर्जन में इस गाने को प्रस्तुत किया, जिससे दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया.

न्यूज18 शोशा से बातचीत में राघव जुयाल ने बताया, 'बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला. एक्सपेक्ट किया था मैंने भी और आर्यन ने भी. मैंने खुद पर बहुत मेहनत की और कुछ नया बनाया. बहुत मजा आया मुझे. इमरान सर आए और वो सीन हुआ, मैं रोने भी लग गया. इसे करते हुए सीन बिल्कुल वैसा ही बन गया — मैंने इसे सीधे दिल से किया. मैंने खास तौर पर अरेबिक वर्जन गाया क्योंकि मुझे लगा कि यह मजेदार लगेगा.' राघव ने आगे कहा कि सीन में इमोशनल अप्रोच ने उन्हें खुद भी भावुक कर दिया. दर्शकों और सोशल मीडिया पर मिले रिएक्शन ने उनके मेहनत का परिणाम दिखाया.

राघव और आर्यन खान की जोड़ी ने उड़ाया गर्दा

राघव ने आर्यन खान के साथ अपने रिश्ते और सेट पर उनकी मस्ती के बारे में भी खुलकर बताया. उन्होंने कहा, 'आर्यन और मेरा दोनों का दिमाग थोड़ा खुराफाती है. दोनों का दिमाग मिल जाता है तो स्क्रीन पर कुछ और ही बन जाता है. हमारी दोस्ती बहुत अच्छी है. जब भी मैं और आर्यन सेट पर मिलते थे तो आस-पास के सभी लोग जानते थे कि कुछ धमाकेदार होने वाला है. हमारी जोड़ी वाकई कमाल की है.' इस दोस्ताना और मजेदार बॉन्डिंग ने शो के सीन को और प्रभावशाली बनाया.

द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के बारे में

द बैड्स ऑफ बॉलीवुड नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रहा है और दर्शकों से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया पा रहा है. इस शो में लक्ष्य, बॉबी देओल, सहर बाम्बा और अनन्या सिंह भी अहम किरदारों में हैं. शो की कहानी सात एपिसोड में बंटी हुई है और यह आसमान सिंह नाम के एक नए कलाकार पर आधारित है. अपने सपनों की दुनिया में कदम रखते हुए, वह अपने दोस्त परवेज (राघव जुयाल) और मैनेजर सान्या (अनन्या सिंह) के साथ बॉलीवुड में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करता है. रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी यह सीरीज अपनी दमदार कहानी, हास्य और भावनाओं के मिश्रण के लिए सराही जा रही है.