पुरी जगन्नाथ के घर छाया मातम, 96 साल की उम्र में मां का निधन; पोती का पोस्ट पढ़ हो जाएंगे भावुक
तेलुगु निर्देशक पुरी जगन्नाथ की मां का 96 साल की उम्र में निधन हो गया. उनकी पोती पवित्रा ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर अपनी दादी को श्रद्धांजलि दी. परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.
तेलुगु सिनेमा के मशहूर निर्देशक पुरी जगन्नाथ के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनकी मां, जिन्हें परिवार और करीबी लोग प्यार से 'अम्माजी' कहकर बुलाते थे, का 96 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. बताया जा रहा है कि उनका निधन 25 जुलाई को हुआ था, लेकिन इस खबर को कुछ समय तक परिवार ने निजी रखा.
अब उनकी पोती पवित्रा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपनी दादी को श्रद्धांजलि दी है. उनका यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग भी परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं.
पवित्रा ने शेयर किया भावुक पोस्ट
पुरी जगन्नाथ की बेटी पवित्रा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी दादी के साथ एक पुरानी तस्वीर साझा की. तस्वीर के साथ उन्होंने बेहद भावुक शब्दों में अपनी भावनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने लिखा कि अब उन्हें प्यार से 'चिन्नाथल्ली' कहकर कौन बुलाएगा. उन्होंने अपनी दादी को याद करते हुए कहा कि काश उन्हें उनके साथ एक और दिन बिताने का मौका मिलता. उन्होंने लिखा कि वह उन्हें उसी तरह गले लगाना चाहती थीं, जैसे उनके 96वें जन्मदिन पर लगाया था. पोस्ट के आखिर में उन्होंने लिखा कि वह अपनी दादी को बहुत याद कर रही हैं. पवित्रा का यह संदेश सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर रहा है.
Also Read
पुरी जगन्नाथ ने नहीं दी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया
हालांकि उनकी बेटी ने अपनी भावनाएं सोशल मीडिया पर साझा की हैं, लेकिन पुरी जगन्नाथ ने अभी तक अपनी मां के निधन को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. परिवार भी इस कठिन समय में निजी तौर पर शोक मना रहा है. फैंस लगातार सोशल मीडिया पर निर्देशक और उनके परिवार के लिए संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं और अम्माजी को श्रद्धांजलि दे रहे हैं.
पुरी जगन्नाथ तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल निर्देशकों में शामिल हैं. उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट फिल्मों का निर्देशन किया है. उनकी चर्चित फिल्मों में 'Badri', 'Idiot', 'Amma Nanna O Tamila Ammayi', 'Shivamani', 'Pokiri', 'Desamuduru', 'Businessman', 'Temper' और 'Itlu Sravani Subramanyam' जैसी फिल्में शामिल हैं.