'Primetime' का ट्रेलर रिलीज, Robert Pattinson निभाएंगे TV के सबसे चर्चित होस्ट का किरदार

A24 ने अपनी नई क्राइम थ्रिलर ‘Primetime’ का ट्रेलर जारी कर दिया है. फिल्म में रॉबर्ट पैटिनसन टीवी होस्ट क्रिस हैनसन के किरदार में नजर आएंगे. यह फिल्म चर्चित शो ‘To Catch a Predator’ की कहानी से प्रेरित है.

X
Ashutosh Rai

हॉलीवुड अभिनेता रॉबर्ट पैटिनसन एक बार फिर अलग अंदाज में बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं. A24 की नई फिल्म ‘Primetime’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है. फिल्म में वह मशहूर टीवी होस्ट क्रिस हैनसन की भूमिका निभा रहे हैं और इसकी कहानी चर्चित स्टिंग ऑपरेशनों पर आधारित है.

रॉबर्ट पैटिनसन निभाएंगे क्रिस हैनसन का किरदार

A24 की नई क्राइम ड्रामा-थ्रिलर ‘Primetime’ में रॉबर्ट पैटिनसन पहली बार टीवी होस्ट क्रिस हैनसन के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म की कहानी साल 2006 के दौर पर आधारित है, जब ‘To Catch a Predator’ शो अमेरिका में काफी लोकप्रिय था. इस शो में क्रिस हैनसन अपनी टीम के साथ स्टिंग ऑपरेशन करके बच्चों को निशाना बनाने वाले अपराधियों को पकड़ते थे. ट्रेलर में पैटिनसन का लुक और अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच रहा है. फिल्म में मेरिट वेवर, स्काइलर जिसोंडो और फोबे ब्रिजर्स भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

विवादों में भी रहा था मशहूर टीवी शो

‘To Catch a Predator’ साल 2004 से 2007 तक डेटलाइन NBC का एक चर्चित इन्वेस्टिगेटिव शो रहा. शो में अंडरकवर ऑपरेशन के जरिए संदिग्ध लोगों को कैमरे के सामने लाया जाता था. हालांकि नवंबर 2006 में टेक्सास के असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी बिल कॉनराड्ट की आत्महत्या के बाद यह शो बड़े विवाद में आ गया. इस घटना के बाद जांच और कानूनी विवाद शुरू हुए. आखिरकार साल 2008 में इस शो को बंद कर दिया गया. इसके बावजूद यह शो आज भी अमेरिकी टीवी इतिहास के सबसे चर्चित कार्यक्रमों में गिना जाता है.


25 सितंबर को सिनेमाघरों में होगी रिलीज

‘Primetime’ का निर्देशन लांस ओपेनहाइम ने किया है और यह उनकी पहली नैरेटिव फीचर फिल्म होगी. फिल्म को रेंज मीडिया, इक्की एनियो अर्लो और स्क्वायर पेग ने प्रोड्यूस किया है. रॉबर्ट पैटिनसन भी इसके प्रोड्यूसर्स में शामिल हैं. फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ट्रेलर आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है.