US Israel Iran War

आशा भोसले के निधन पर पाकिस्तानी सितारों ने जताया दुख, बोले- खामोशी बहुत भारी लग रही

आशा भोसले के निधन पर पाकिस्तानी सितारों ने भी शोक व्यक्त किया है. अली जफर, अदनान सिद्दीकी और अहमद अली बट ने सोशल मीडिया पर भावभीनी श्रद्धांजलि दी. अदनान ने लिखा- आपकी खामोशी बहुत भारी लग रही है.

pinterest
Sagar Bhardwaj

आशा भोसले सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि सरहद पार पाकिस्तान में भी उतनी ही पूजी जाती थीं. उनकी मधुर आवाज ने हर उम्र के लोगों का दिल जीता था. 12 अप्रैल को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया. इस खबर ने पूरे उपमहाद्वीप में शोक की लहर दौड़ा दी. पाकिस्तानी सिनेमा और संगीत जगत के कई बड़े नामों ने सोशल मीडिया पर अपना दुख जताया. उन्होंने आशा भोसले को एक ‘युग का अंत’ बताते हुए उनकी आवाज को अमर बताया. आइए जानते हैं पाकिस्तानी सितारों ने क्या-क्या लिखा.

‘आपकी खामोशी बहुत भारी लग रही है’

पाकिस्तानी सिंगर और एक्टर अली जफर ने सोशल मीडिया पर आशा भोसले की तस्वीरें शेयर कर लिखा कि उनका काम आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा. उन्होंने कहा कि ऐसी आवाजें समय के साथ फीकी नहीं पड़तीं, बल्कि समय का हिस्सा बन जाती हैं. वहीं मशहूर गायक अदनान सिद्दीकी का संदेश सबसे ज्यादा दिल को छू गया. उन्होंने लिखा, ‘आशा भोसले जी को श्रद्धांजलि. रात अकेली है...आपकी आवाज में वो जादू था कि सबसे सूनसान पलों को भी इंसानी एहसास से भर देती थी. आज वही खामोशी बहुत भारी लग रही है.’ अदनान ने उन्हें एक खूबसूरत याद बताते हुए धन्यवाद भी कहा.

 ‘एक खास अध्याय का अंत हो गया’

पाकिस्तानी एक्टर यासिर हुसैन और अहमद अली बट ने भी गहरा दुख जताया. अहमद अली बट ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, ‘अमर धुनों के लिए शुक्रिया.’ वहीं सिंगर शुजा हैदर ने आशा भोसले को दुनिया के सबसे महान संगीतकारों में से एक बताया. उन्होंने लिखा, ‘उनकी आवाज़ लाखों-करोड़ों फैंस तक पहुंची. उन्होंने कल, आज और आने वाले समय में हमेशा प्रेरणा दी. एक खास अध्याय का अंत हो गया है. उनकी आत्मा को शांति मिले.’ पाकिस्तानी इंडस्ट्री के इन सितारों के ट्वीट और पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं.

कार्डियक अरेस्ट के बाद निधन

गौरतलब है कि आशा भोसले को 11 अप्रैल को अचानक तबीयत बिगड़ने पर मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुरुआत में कहा गया कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया है, लेकिन बाद में उनकी पोती जनाई भोसले ने स्पष्ट किया कि उन्हें चेस्ट इंफेक्शन और अत्यधिक थकावट के कारण भर्ती किया गया था. अस्पताल में भर्ती होने के मात्र एक दिन बाद 12 अप्रैल को उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर फैलते ही बॉलीवुड से लेकर लॉलीवुड तक सन्नाटा छा गया. फैंस और सितारे नम आंखों से उन्हें याद कर रहे हैं.

 सिर्फ गायिका नहीं, एक जज्बा थीं आशा

आशा भोसले सिर्फ एक गायिका नहीं थीं, वह एक एहसास थीं. उनकी आवाज ने सुख-दुख, प्यार-विरह और मस्ती हर भावना को बखूबी पेश किया. उन्होंने अपने करियर में हजारों गाने गाए और कई दशकों तक संगीत की दुनिया पर राज किया. पाकिस्तानी सितारों का इस तरह एकजुट होकर शोक जताना यह साबित करता है कि कला की कोई सीमा नहीं होती. आशा भोसले की आवाज हमेशा जिंदा रहेगी, चाहे वह मुंबई की गलियां हों या लाहौर के कैफे. उनकी यादें हमेशा लोगों के दिलों में बसती रहेंगी.