मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' और इसका सीक्वल 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रहा है. लेकिन अब पाकिस्तान से भी फिल्म पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं. हाल ही में एक वायरल वीडियो में एक पाकिस्तानी व्यक्ति ने फिल्म को ओवररेटेड बताया और कुछ सीन पर जोरदार हंसी उड़ाई.
इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर रोहन भाटिया बाली में घूम रहे थे. वहां उन्हें एक पाकिस्तानी कपल मिला. रोहन ने उनसे 'धुरंधर' के बारे में पूछा. पाकिस्तानी व्यक्ति ने कहा- 'फिल्म थोड़ी ओवररेटेड है.' उन्होंने फिल्म में दी गई एक लाइन पर खास तौर पर हंसी. लाइन थी – 'जो ल्यारी को कंट्रोल करेगा, वो कराची को कंट्रोल करेगा और जो कराची को कंट्रोल करेगा, वो पाकिस्तान को कंट्रोल करेगा.'
उन्होंने बताया कि कराची मूल रूप से गैर-स्थानीय लोगों का शहर है. वहां से पाकिस्तान को कंट्रोल नहीं किया जा सकता. असली पावर लाहौर में है. व्यक्ति ने कहा कि उनकी फैमिली भी मूल रूप से ल्यारी से है. वहां कुछ गैंग वॉयलेंस जरूर है, लेकिन वो सिर्फ दो पड़ोसी गैंग्स के बीच सीमित है. सारा अर्जुन के किरदार पर सबसे ज्यादा मजाक उड़ा. फिल्म में सारा मिनीस्कर्ट पहनकर ल्यारी की सड़कों पर घूमती दिखाई गई हैं.
पाकिस्तानी व्यक्ति ने हंसते हुए कहा, 'ल्यारी में कोई लड़की अकेले मिनीस्कर्ट पहनकर नहीं घूम सकती. ये बिल्कुल नहीं होता.' उनके साथ मौजूद महिला ने भी सहमति जताई. उन्होंने फिल्म के एक और सीन पर भी टिप्पणी की. 'नाल नचना' गाने वाले अंडरग्राउंड पार्टी सीन में उर्दू में साइनबोर्ड दिखाए गए थे. पाकिस्तानी दंपति ने कहा, 'ल्यारी में ऐसे साइनबोर्ड उर्दू में नहीं, बल्कि इंग्लिश में लिखे होते हैं.'
FA9LA गाने की भी चर्चा हुई. व्यक्ति ने कहा कि गाना मजेदार है लेकिन ये बलोची गाना नहीं है. वो खुद सिंधी-बलोची बैकग्राउंड से हैं, इसलिए उन्हें पता है. रणवीर सिंह के किरदार द्वारा पहने गए हाफ स्लीव कुर्ते पर भी उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में कोई ऐसा स्टाइल नहीं पहनता. हालांकि उन्होंने फिल्म की सिनेमैटोग्राफी की तारीफ की और कुछ पार्ट्स एंजॉय भी किए.
फिल्म में ल्यारी के गैंग वॉर और भारतीय जासूस की कहानी को दिखाया गया है. लेकिन पाकिस्तानी नजरिए से कई चीजें हकीकत से दूर लगीं. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. कुछ लोग इसे फिल्म की रियलिज्म की जांच मान रहे हैं तो कुछ इसे सिर्फ मनोरंजन कह रहे हैं. 'धुरंधर 2' अभी भी बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ रही है और दर्शक इसे एक्शन और ड्रामा के लिए पसंद कर रहे हैं. फिल्में हमेशा ड्रामेटिक होती हैं. निर्देशक आदित्य धर ने ल्यारी को बड़े स्क्रीन पर पेश किया है.