मुंबई: बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस नीना गुप्ता आज अपनी दमदार एक्टिंग और बेबाक अंदाज के लिए जानी जाती हैं. उनकी नई फिल्म 'वध 2' हाल ही में रिलीज हुई है, जिसमें संजय मिश्रा के साथ उनकी जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीत लिया. फिल्म में नीना की परफॉर्मेंस की क्रिटिक्स और ऑडियंस ने खूब तारीफ की है. लेकिन सफलता के इस दौर से पहले उनका सफर आसान नहीं रहा.
हाल ही में एक इंटरव्यू में नीना ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक बेहद दर्दनाक किस्सा शेयर किया, जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया. उन्होंने बताया कि एक फिल्म की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर का मूड खराब था. किसी बात से नाराज होकर उन्होंने अपना पूरा गुस्सा नीना पर उतार दिया. नीना ने कहा- 'आप सोच भी नहीं सकते, मुझे सेट पर गालियां दी गई हैं. मुझे बिना किसी गलती के मां-बहन की गालियां दी गईं. डायरेक्टर ने वे शब्द इस्तेमाल किए. सबके सामने ऐसा हुआ.'
नीना ने आगे बताया कि उस वक्त उनकी कोई गलती नहीं थी, बस डायरेक्टर किसी और वजह से परेशान था. लेकिन मजबूरी ऐसी थी कि उन्हें चुप रहना पड़ा. उन्होंने ईमानदारी से कबूल किया- 'मैं उस स्थिति में फंसी नहीं थी, पैसे चाहिए थे ना. अगर कुछ और मिलता तो ये नहीं करती.' यानी फाइनेंशियल प्रेशर की वजह से उन्हें ये अपमान सहना पड़ा.
नीना ने ये भी शेयर किया कि उस दौर में कई बार ऐसे रोल करने पड़े, जिनसे बाद में शर्मिंदगी हुई. कुछ फिल्मों के लिए वे प्रार्थना करती थीं कि वो कभी रिलीज न हों. नीना का मानना है कि आज बॉलीवुड बहुत बदल चुका है. पहले सेट पर डायरेक्टर्स का व्यवहार अलग था, कलाकारों को अपमान सहना पड़ता था. लेकिन अब वर्कप्लेस का माहौल बेहतर हो गया है. लोग अपनी बात रख सकते हैं और सम्मान की मांग कर सकते हैं. नीना गुप्ता की ये कहानी बॉलीवुड के उस कड़वे सच को उजागर करती है, जहां कई एक्टर्स-एक्ट्रेसेस मजबूरी में अपमान सहते रहे. आज नीना सफल हैं, वह अपनी कई हिट फिल्मों से पहचान बना चुकी हैं. उनकी ये बेबाकी फैंस को इंस्पायर करती है.