जब दिलीप कुमार ने नसीरुद्दीन शाह को दी थी घर वापसी की नसीहत, फिर 7.50 ने बदल दी किस्मत
Naseeruddin Shah Birthday: आज नसीरुद्दीन शाह का जन्मदिन है और आज हम आपको इनके जीवन का एक अहम किस्सा बता रहे हैं.
Naseeruddin Shah Birthday: भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन अभिनेताओं में नसीरुद्दीन शाह का नाम हमेशा लिया जाता है. बिना किसी फिल्मी बैकग्राउंड के उन्होंने बॉलीवुड से लेकर हॉलीवुड तक अपनी मेहनत से मुकाम हासिल किया. लेकिन उनका सफर शुरू से आसान नहीं था. आज नसीरुद्दीन शाह का जन्मदिन है और आज हम आपको इनके जीवन का एक अहम किस्सा बता रहे हैं.
नसीरुद्दीन शाह आज जिस मुकाम पर हैं, उसके पीछे की संघर्ष की कहानी काफी दिलचस्प है. संघर्ष के दिनों में उन्हें कई बड़े कलाकारों से सलाह मिली. एक बार सुपरस्टार दिलीप कुमार ने उन्हें सलाह दी कि वे घर जाकर पढ़ाई करें और फिल्म इंडस्ट्री छोड़ दें. लेकिन नसीरुद्दीन शाह ने हौसला नहीं छोड़ा और अपने सपने पर डटे रहे.
कुछ ऐसे हुई नसीरुद्दीन शाह की एक्टिंग की शुरुआत:
नसीरुद्दीन शाह का एक्टिंग का शौक बचपन से ही था. उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी की और फिर नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला लिया. थिएटर करते हुए उन्होंने फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करना शुरू किया. साल 1967 में फिल्म ‘अमन’ में उन्हें पहला रोल मिला. उस समय वे सिर्फ 16 साल के थे और इस छोटे रोल के लिए उन्हें महज ₹7.50 मिले थे.
Also Read
घरवालों ने भी किया था विरोध:
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से ताल्लुक रखने वाले नसीरुद्दीन शाह के पिता अली मोहम्मद शाह चाहते थे कि उनका बेटा कोई सुरक्षित करियर चुनें. जब नसीर मुंबई आए तो पिता बहुत नाराज हुए, लेकिन नसीर ने अपने फैसले पर अडिग रहकर संघर्ष जारी रखा. पुणे फिल्म इंस्टीट्यूट से ट्रेनिंग ली और अभिनय की बारीकियां सीखीं.
नसीरुद्दीन शाह को मिली पहली बड़ी सफलता:
1975 में श्याम बेनेगल की फिल्म ‘निशांत’ से उन्हें पहचान मिली. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. ‘आक्रोश’, ‘स्पर्श’, ‘अर्ध सत्य’, ‘मिर्च मसाला’, ‘जाने भी दो यारों’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया. कमर्शियल फिल्मों में भी उन्होंने अलग-अलग किरदार निभाए जिसमें ‘सरफरोश’, ‘इकबाल’, ‘ए वेडनेसडे’, ‘द डर्टी पिक्चर’ आदि शामिल हैं. नसीरुद्दीन शाह ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है. वे आज भी सिनेमा के सबसे सम्मानित अभिनेताओं में शुमार हैं.