'नागिन 7' को बड़ा धक्का! नंबर 1 से 10वें स्थान पर फिसली, 'तारक मेहता' की हुई टॉप 5 में एंट्री, यहां देखें TRP रिपोर्ट

सोनी SAB की लंबे समय से चल रही कॉमेडी सीरीज तारक मेहता का उल्टा चश्मा ने जबरदस्त उछाल भरा और टॉप 5 में जगह बना ली. टॉप पोजीशन पर स्टार प्लस की 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' कायम है. यह शो लगातार नंबर 1 पर बनी हुई है और दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है. दूसरे नंबर पर 'अनुपमा' बनी रही, जो अपना मजबूत स्थान बनाए रखे हुए है. 

x
Antima Pal

मुंबई: BARC इंडिया ने वीक 10 (मार्च 2026) की TRP रिपोर्ट जारी कर दी है और इस हफ्ते टीवी चार्ट में बड़ा उलटफेर देखने को मिला. सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात नागिन 7 की है, जो पिछले हफ्तों में टॉप पर रही थी, लेकिन अब नंबर 1 से सीधे नंबर 10 पर आ गई. प्रियंका चाहर चौधरी और नामिक पॉल की यह सुपरनैचुरल ड्रामा सीरीज दर्शकों से दूर होती दिख रही है. 

वहीं सोनी SAB की लंबे समय से चल रही कॉमेडी सीरीज तारक मेहता का उल्टा चश्मा ने जबरदस्त उछाल भरा और टॉप 5 में जगह बना ली. टॉप पोजीशन पर स्टार प्लस की 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' कायम है. यह शो लगातार नंबर 1 पर बनी हुई है और दर्शकों का पसंदीदा बना हुआ है. दूसरे नंबर पर 'अनुपमा' बनी रही, जो अपना मजबूत स्थान बनाए रखे हुए है. 

तीसरे स्थान पर जी टीवी की तुम से तुम तक ने कब्जा किया, जो हाल के हफ्तों में अच्छा प्रदर्शन कर रही है. सबसे बड़ा सरप्राइज तारक मेहता का उल्टा चश्मा का रहा. इस हफ्ते इसने भारी उछाल दिखाया और चौथे नंबर पर पहुंच गया. दर्शकों को लगता है कि शो का मौजूदा ट्रैक – परिवार, हंसी-मजाक और सोशल कमेंट्री – लोगों के दिल को छू रहा है. टॉप 5 को वासुदा ने पूरा किया, जो पिछले हफ्तों में अच्छी रैंकिंग में थी.

छठे नंबर पर गंगा माई की बेटियां रही, जबकि ये रिश्ता क्या कहलाता है ने हल्की गिरावट के साथ सातवें स्थान पर जगह बनाई. उड़ने की आशा आठवें नंबर पर फिसल गई. नौवें स्थान पर जगद्धात्री ने पहली बार टॉप 10 में एंट्री की, जो एक अच्छी उपलब्धि है. लेकिन सबसे बड़ा झटका नागिन 7 को लगा, जो अब दसवें नंबर पर है.

यह बदलाव दिखाता है कि दर्शकों की पसंद तेजी से बदल रही है. जहां फैमिली ड्रामा और कॉमेडी जैसे शो मजबूत हो रहे हैं, वहीं सुपरनैचुरल थीम वाली कहानियां थोड़ी कमजोर पड़ रही हैं. तारक मेहता का उल्टा चश्मा की सफलता से साफ है कि अच्छी स्क्रिप्ट और रिलेटेबल कंटेंट लंबे समय तक दर्शक बांध सकता है.