L2 Empuraan Teaser: 2025 का मार्च भारतीय सिनेमाघरों में एक्शन और एंटरटेनमेंट से भरपूर होने वाला है. जहां सलमान खान की मोस्ट अवेटेड एक्शन थ्रिलर फिल्म 'सिकंदर' 28 मार्च को रिलीज होने जा रही है, वहीं उसके एक दिन पहले यानी 27 मार्च को मलयालम सिनेमा की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'L2E Empuraan' बड़े पर्दे पर धमाल मचाने आ रही है. 64 साल के सुपरस्टार मोहनलाल के दमदार एक्शन अवतार ने पहले से ही दर्शकों को रोमांचित कर दिया है.
26 जनवरी 2025 को कोच्चि में एक भव्य इवेंट के दौरान फिल्म L2E Empuraan का टीजर रिलीज किया गया. टीजर ने 2019 की ब्लॉकबस्टर फिल्म लूसिफर के सीक्वल को लेकर फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है.
टीजर में मोहनलाल को उनके आइकॉनिक किरदार स्टीफन नेदुम्बली, जिसे लोग अब्राहम खुरेशी और लूसिफर के नाम से भी जानते हैं, के रूप में वापसी करते हुए दिखाया गया है. 2 मिनट और 23 सेकंड के टीजर में धमाकेदार एक्शन सीन्स और पावरफुल डायलॉग्स देखने को मिले.
फिल्म को पृथ्वीराज सुकुमारन ने डायरेक्ट किया है, जो खुद भी इस फिल्म में एक अहम किरदार निभा रहे हैं. टीजर में पृथ्वीराज को जायद मसूद के रूप में दिखाया गया है, जिसका किरदार टीजर के अंत में दिलचस्प ढंग से पेश किया गया. फिल्म में टोविनो थॉमस को जथिन रामदास के रूप में दिखाया गया है, जो कहानी के लिए अहम साबित हो सकते हैं. हालांकि, मंजू वॉरियर के किरदार को टीजर में छिपाकर रखा गया है, जिससे उनके रोल को लेकर दर्शकों में और ज्यादा उत्सुकता पैदा हो रही है.
मोहनलाल, पृथ्वीराज सुकुमारन, मंजू वॉरियर और टोविनो थॉमस के अलावा फिल्म में इंद्रजीत सुकुमारन, सानिया अयप्पन, अर्जुन दास, सूरज वेंजारामूडु, सचिन खेडेकर, और बैजू संतोष जैसे शानदार कलाकार शामिल हैं. फिल्म 27 मार्च 2025 को पांच भाषाओं में रिलीज की जाएगी, जिसमें मलयालम, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और हिंदी शामिल हैं.
28 मार्च को रिलीज होने वाली सलमान खान की 'सिकंदर' पहले से ही चर्चाओं में है. फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि भाईजान इस फिल्म से अपने पुराने रिकॉर्ड तोड़ेंगे. लेकिन L2E Empuraan का टीजर सामने आने के बाद, सलमान को कड़ी टक्कर मिलने की संभावना है. जहां 'सिकंदर' एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है, वहीं 'L2E Empuraan' की कहानी, स्टारकास्ट और एक्शन इसे एक पैन-इंडिया ब्लॉकबस्टर बना सकती है.
टीजर को देखने के बाद, सोशल मीडिया पर फैंस की जबरदस्त रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. एक फैन ने लिखा, 'मोहनलाल सर का एक्शन अवतार अद्भुत है. यह फिल्म ब्लॉकबस्टर होने वाली है.' दूसरे फैन ने कहा, 'L2E Empuraan का मुकाबला करना किसी के लिए भी आसान नहीं होगा, सलमान खान को संभलकर रहना चाहिए.' वहीं, सलमान के फैंस ने जवाब में लिखा: 'सिकंदर का क्रेज अलग लेवल का है. मोहनलाल की फिल्म को टक्कर जरूर मिलेगी.'