नई दिल्ली: मशहूर पंजाबी गायक दलेर मेंहदी इन दिनों एक विवाद को लेकर चर्चा में हैं. उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान राज्य के एक कैबिनेट मंत्री ने कथित तौर पर मंच पर उन्हें शराब पीने को लेकर फटकार लगाई थी. अब इस मामले में उनके भाई और मशहूर सिंगर मीका सिंह खुलकर उनके समर्थन में उतर आए हैं. मीका ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर सवाल उठाए हैं. यहां तक कह दिया कि अगर दलेर मेंहदी को कभी शराब पीते हुए देख लिया, तो वह गाना छोड़ देंगे.
मीका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया. इसमें उन्होंने उन खबरों पर नाराजगी जताई, जिनमें दावा किया गया था कि दलेर मेंहदी शराब पीकर मंच पर पहुंचे थे और ठीक से गा भी नहीं पा रहे थे. मीका ने कहा कि दलेर मेंहदी पिछले करीब 30 साल से सुपरस्टार हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी ने कभी उन्हें शराब पीते हुए देखा है?
मीका के मुताबिक, बिना किसी ठोस सबूत के इस तरह की खबरें फैलाना सही नहीं है. उन्होंने मीडिया से अपील की कि किसी भी आरोप को खबर बनाने से पहले उसकी सच्चाई जांचनी चाहिए. मीका ने साफ कहा कि अगर कोई दलेर मेंहदी को शराब पीते हुए देखता है, तो वह गायकी छोड़ने के लिए तैयार हैं.
मीका सिंह ने अपने वीडियो में कलाकारों की जिम्मेदारियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि कई बार गायक बीमार होने के बावजूद अपने वादे के मुताबिक प्रोग्राम में पहुंचते हैं. अगर किसी कलाकार ने पहले से शो करने की हामी भरी है, तो वह अपनी तबीयत खराब होने पर भी उसे पूरा करने की कोशिश करता है. उन्होंने बताया कि उनके भाई पिछले दो साल से अस्वस्थ हैं और अभी भी ठीक होने की प्रक्रिया में हैं. इसके बावजूद वह लगातार परफॉर्म कर रहे हैं.
मीका सिंह ने मंच पर दलेर मेंहदी के साथ हुए व्यवहार को निराशाजनक बताया. उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी इंटरनेशनल म्यूजिक बैंड के साथ भी इसी तरह का व्यवहार किया जाएगा? उन्होंने कहा कि किसी कलाकार पर सार्वजनिक रूप से आरोप लगाने से पहले उसे अपनी बात रखने का मौका मिलना चाहिए. मीका ने यह भी कहा कि गलत या अपुष्ट खबर किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा सकती है.