सोसाइटी के डॉग की मौत से टूटीं मंजरी फडनीस, न्याय की उठाई मांग; बोलीं-दोषियों को सजा दिलाकर ही लूंगी चैन
एक्ट्रेस मंजरी फडनीस ने अपनी हाउसिंग सोसाइटी के कम्युनिटी डॉग माइकी की कथित हत्या के बाद न्याय की मांग की है. उन्होंने कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक वह और सोसाइटी के अन्य लोग चैन से नहीं बैठेंगे.
मुंबई: फिल्म एक्ट्रेस मंजरी फडनीस ने अपनी हाउसिंग सोसाइटी के कम्युनिटी डॉग माइकी की कथित हत्या के बाद भावुक पोस्ट साझा करते हुए न्याय की मांग की है. एक्ट्रेस ने कहा कि जब तक इस मामले के जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं हो जाती और उन्हें सजा नहीं मिलती, तब तक वह चैन से नहीं बैठेंगी. मंजरी की पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और बड़ी संख्या में लोग माइकी के लिए न्याय की मांग का समर्थन कर रहे हैं.
मंजरी फडनीस के अनुसार माइकी एक कम्युनिटी डॉग था, जिसे उसके पुराने मालिकों ने छोड़ दिया था. इसके बाद वह वर्ष 2019 से उनकी हाउसिंग सोसाइटी में रह रहा था और वहां के लोगों का चहेता बन गया था. एक्ट्रेस ने बताया कि माइकी को सोसाइटी के कई लोग खाना खिलाते थे और उसकी देखभाल करते थे. धीरे-धीरे वह वहां रहने वाले लोगों के परिवार का हिस्सा बन गया था.
बेसमेंट में हुआ एक्ट्रेस के कुत्ते पर हमला
मंजरी ने अपने पहले वीडियो में दावा किया था कि सोसाइटी के कुछ सदस्यों के अनुसार माइकी बेसमेंट में सो रहा था, तभी उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया. आरोप है कि उसके सिर पर डंडे या लोहे की रॉड से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
Also Read
- कैंची धाम मार्ग पर जाम से परेशान? ट्रैकिंग रूट से पहुंचिए बाबा के दरबार, रास्ते में मिलेगा प्रकृति का अद्भुत नजारा
- धामी सरकार का बड़ा डिजिटल कदम, उत्तराखंड में 15 साल से रह रहे लोगों के लिए बनेगा देवभूमि परिवार आईडी कार्ड; जानें डिटेल
- NEET RE-एग्जाम देने जा रहे अभ्यर्थी उत्तराखंड रोडवेज बसों में कैसे करेंगे मुफ्त सफर? टिकट की जगह दिखाना होगा यह दस्तावेज
दोषियों को सजा दिलाने का लिया संकल्प
रविवार को साझा किए गए एक नए पोस्ट में मंजरी ने माइकी को याद करते हुए लिखा कि घटना के बाद से सोसाइटी में रहने वाले कई लोग मानसिक रूप से परेशान हैं. उन्होंने कहा कि सोसाइटी के लोग लगातार ऐसे सबूत जुटाने का प्रयास कर रहे हैं, जिनसे दोषियों की पहचान हो सके. साथ ही वे पुलिस जांच में भी हर संभव सहयोग कर रहे हैं. मंजरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह नहीं ठहराया जाता और उन्हें उनके किए की सजा नहीं मिलती, तब तक वे और उनके साथ खड़े लोग शांत नहीं बैठेंगे. एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में यह भी लिखा कि शायद कुछ लोगों को लगा होगा कि माइकी एक आवारा कुत्ता है और उसके गायब होने पर किसी को फर्क नहीं पड़ेगा. लेकिन हकीकत यह थी कि सोसाइटी ही उसका घर थी और वहां रहने वाले कई लोग उसे अपने परिवार के सदस्य की तरह मानते थे. माइकी के जाने से सोसाइटी के अनेक लोग भावनात्मक रूप से आहत हैं.