मुंबई: अनुष्का शेट्टी और जयसूर्या की अपकमिंग मलयालम फिल्म 'कथानार: द वाइल्ड सॉर्सेरर' का ट्रेलर आज रिलीज हो गया है. यह फिल्म मलयालम सिनेमा की सबसे बड़ी पीरियड डार्क फैंटसी थ्रिलर में से एक बनने जा रही है. ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है.
ट्रेलर की शुरुआत प्राचीन कंथल्लूर साला से होती है, जिसे दक्षिण भारत का नालंदा कहा जाता था. वहां ज्ञान की हर शाखा का स्वागत होता था, लेकिन जादू-टोने पर यकीन नहीं किया जाता था. अचानक ट्रेलर में अंधेरी ताकतों का जिक्र आता है. जयसूर्या एक ऐसे व्यक्ति की भूमिका में हैं जिनके शरीर में वह शक्ति है जो किसी साधारण इंसान के बस की नहीं.
अनुष्का शेट्टी उन लोगों की जिंदगी में रोशनी और रंग भरने वाली किरदार के रूप में नजर आ रही हैं. ट्रेलर में एक परफॉर्मर कहता है- 'एक ऐसा जाल बिछाया गया है जो हर किसी को हैरान कर देगा, जिसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती.' एक छोटा बच्चा मुंह खोले यह सब देख रहा है. यही सीन दर्शकों को बताता है कि फिल्म क्या देने वाली है- एक अनोखा विजुअल ट्रीट. 178 सेकंड के इस ट्रेलर में शानदार VFX, भव्य सेट्स, जादुई प्रभाव और डार्क फैंटसी का कमाल दिख रहा है.
फिल्म की कहानी 9वीं सदी के प्रसिद्ध ईसाई पुजारी कदमट्टाथु कथानार पर आधारित है, जिन्हें अलौकिक शक्तियां प्राप्त थीं. वे अंधेरी ताकतों से मुकाबला करते थे. जयसूर्या इस लेजेंडरी रोल में हैं, जबकि अनुष्का शेट्टी 'नीली' के किरदार में हैं. यह अनुष्का शेट्टी की मलयालम सिनेमा में डेब्यू फिल्म है. फिल्म में प्रभु देवा स्पेशल रोल में हैं, मोहनलाल कैमियो में नजर आएंगे. अन्य कलाकारों में सनूप संतोष, सैंडी, देविका, नितीश भारद्वाज, विनीत आदि शामिल हैं.
डायरेक्टर और एडिटर रोजिन थॉमस हैं, जिन्होंने पहले 'होम' जैसी फिल्में बनाई हैं. कहानी रोजिन थॉमस और आर. रामानंद ने लिखी है. संगीत राहुल सुब्रह्मण्यम का है और सिनेमैटोग्राफी नील डी’कुन्हा ने संभाली है. निर्माता गोकूलम गोपालन ने इसे मलयालम सिनेमा के सबसे बड़े बजट प्रोजेक्ट्स में से एक बनाया है. फिल्म को सात भाषाओं में रिलीज करने की योजना है, ताकि पैन-इंडिया ऑडियंस तक पहुंच सके.
फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन चल रहा है और फिल्म 2026 में थिएटर्स में आने वाली है. ट्रेलर देखने के बाद दर्शक VFX की क्वालिटी, स्टोरी की गहराई और एक्टिंग की तारीफ कर रहे हैं. यह फिल्म मलयालम सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली साबित हो सकती है. जादू, फैंटसी, थ्रिल और इमोशंस का अनोखा मिश्रण दर्शकों को बांधकर रखेगा.