मुंबई: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. रिलीज के महज 11 दिनों में ही फिल्म ने भारत में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. विश्व स्तर पर इसकी कमाई 1365 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है. यह रिकॉर्ड समय में 1000 करोड़ क्लब में शामिल होने वाली फिल्मों में से एक बन गई है.
फिल्म की जबरदस्त सफलता के बीच कुछ लोगों ने इसे 'प्रोपगैंडा' फिल्म बताना शुरू कर दिया. लेकिन वेटरन एक्टर अनुपम खेर ने इन आरोपों का सख्ती से जवाब दिया है. इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल दिल्ली (IFFD) 2026 में मीडिया से बात करते हुए अनुपम खेर ने कहा- 'जो लोग सिनेमा को प्रोपगैंडा फिल्म कह रहे हैं, उन्हें इग्नोर करना चाहिए. वे बेकार और अप्रासंगिक लोग हैं. हम उन पर ज्यादा एनर्जी खर्च कर रहे हैं.'
अनुपम खेर ने आगे कहा- 'लोग मूर्ख नहीं हैं. वे 12 बजे की शो में हाउसफुल देखने नहीं जाते. लोग फिल्म इसलिए देखते हैं क्योंकि उन्हें पसंद आती है. जो लोग इसे प्रोपगैंडा फिल्म बता रहे हैं, उनके लिए तो 'रेस्ट इन पीस' कहना चाहिए.' उन्होंने 'द कश्मीर फाइल्स' और 'धुरंधर' दोनों की सफलता का जश्न मनाने की बात कही.
अनुपम खेर का कहना है कि सिनेमा लोगों को प्रभावित जरूर करता है, लेकिन यह दर्शकों पर निर्भर करता है कि वे अंधेरे हॉल में बैठकर क्या लेते हैं. फिल्म बनाना भी एक बिजनेस है, ठीक वैसे ही जैसे कई चैनल चलाए जाते हैं. अगर कोई फिल्म देखने जाता है तो उसमें से कुछ अच्छा संदेश भी ले सकता है.
'धुरंधर 2' एक्शन और जासूसी थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन आदित्य धर ने किया है. रणवीर सिंह के अलावा अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, आर. माधवन और अन्य कलाकार इसमें मुख्य भूमिकाओं में हैं. फिल्म पहले पार्ट 'धुरंधर' की कहानी को आगे बढ़ाती है, जिसमें भारतीय खुफिया एजेंसियों की ताकत और देशभक्ति की भावना दिखाई गई है.
फिल्म के रिलीज के बाद हॉल्स में खूब भीड़ रही. पहले हफ्ते में ही जबरदस्त कलेक्शन हुआ. दिन 12 पर इसका कलेक्शन थोड़ा कम हुआ और 25.30 करोड़ रुपये रहा, लेकिन कुल आंकड़े अभी भी शानदार हैं. दर्शक फिल्म की कहानी, एक्शन सीक्वेंस और रणवीर सिंह के परफॉर्मेंस की तारीफ कर रहे हैं.