‘जहां मरूं, वहीं दफना देना’, लकी अली ने मौत को लेकर कही दिल छू लेने वाली बात; फैंस हुए भावुक

लकी अली ने एक कॉन्सर्ट में मौत और अपनी तैयारी पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान वे एहराम साथ रखते हैं.

X
Ashutosh Rai

लकी अली की आवाज और उनके गाने आज भी कई पीढ़ियों के बीच खास जगह रखते हैं. हालिया कॉन्सर्ट में 67 वर्षीय गायक ने फैंस से बात करते हुए जिंदगी और मौत को लेकर अपने विचार साझा किए. उन्होंने बताया कि वे सफर के दौरान एहराम साथ रखते हैं, जिसे वे अपना कफ़न मानते हैं.

कॉन्सर्ट में लकी अली ने क्या कहा?

कॉन्सर्ट के दौरान लकी अली ने फैंस के प्यार का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी अपने चाहने वालों से बहुत प्यार करते हैं लेकिन एक दिन हर इंसान को इस दुनिया से जाना होता है. उन्होंने साफ किया कि वह फैंस को किसी बात के लिए तैयार नहीं कर रहे, बल्कि खुद इस सच्चाई को स्वीकार कर चुके हैं. इसके बाद उन्होंने अपनी यात्रा से जुड़ी एक निजी बात बताई. लकी ने कहा कि वह जब भी सफर करते हैं, अपने साथ एहराम रखते हैं. उनके मुताबिक, यह कपड़ा उनके लिए कफन है और अगर कहीं उनकी मौत हो जाए तो उन्हें वहीं दफना दिया जाए.

फैंस ने लकी अली की बात पर जताया प्यार

लकी अली की बात सुनकर कॉन्सर्ट में मौजूद फैंस भावुक हो गए. वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद भी लोगों ने गायक के लिए अपना प्यार जताया. कई लोगों ने उन्हें हिम्मत रखने और लंबी उम्र जीने की शुभकामनाएं दीं. एक फैन ने कहा कि जब तक लकी अली जिंदा हैं, उन्हें हार नहीं माननी चाहिए. एक अन्य फैन ने एहराम साथ रखने की बात को उनकी आस्था से जोड़ते हुए उनके लिए अच्छी सेहत और लंबी जिंदगी की दुआ की. वहीं, एक प्रशंसक ने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि उसके लिए लकी अली आज भी 90 के दशक वाले उसी दौर में हैं. उनके गानों से जुड़ी यादों ने भी इस बातचीत को और भावुक बना दिया.


गानों से आज भी जुड़ी हैं कई पीढ़ियां

लकी अली लंबे समय से भारतीय संगीत का जाना-पहचाना नाम हैं. ‘ओ सनम’, ‘एक पल का जीना’, ‘ना तुम जानो ना हम’, ‘देखा है ऐसे भी’ और ‘सफरनामा’ जैसे उनके गाने आज भी लोगों की प्लेलिस्ट में सुनाई देते हैं. खास बात यह है कि उनके पुराने गानों को सिर्फ उस दौर के लोग ही नहीं, बल्कि आज की युवा पीढ़ी भी पसंद करती है. यही वजह है कि उनके कॉन्सर्ट में उनकी आवाज सुनने के लिए फैंस का उत्साह बना रहता है. मौत को लेकर उनकी हालिया बात ने भी इसी जुड़ाव को सामने ला दिया. सोशल मीडिया पर लोगों ने पुराने गाने याद किए और उनके लिए लंबी, अच्छी और सेहतमंद जिंदगी की कामना की.