मुंबई: दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात गुर्गे महफूज उर्फ बॉबी कबूतर को गिरफ्तार कर लिया है. यह गैंगस्टर पिछले 7 साल से फरार था और अब इस हाई-प्रोफाइल केस में उसकी गिरफ्तारी ने जांच को नया मोड़ दे दिया है. बॉबी कबूतर का नाम पहले से ही सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में रेकी करने वाले के रूप में आ चुका था.
घटना की बात करें तो सितंबर 2025 में उत्तर प्रदेश के बरेली में दिशा पाटनी के पैतृक घर पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी. बाइक सवार दो लोगों ने रात में करीब 7-10 राउंड फायर किए थे. इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गोल्डी बराड़ ग्रुप ने सोशल मीडिया पर ली थी. पुलिस जांच में पता चला कि यह हमला दिशा की बहन खुशबू पाटनी के एक स्पिरिचुअल गुरु के खिलाफ दिए बयान से जुड़ा हो सकता है, जिसे गलत तरीके से प्रचारित किया गया था.
अब बॉबी कबूतर की गिरफ्तारी से साफ हो रहा है कि वह लॉजिस्टिक सपोर्ट में शामिल था. पुलिस के मुताबिक बॉबी ने दिशा पटानी के घर पर फायरिंग करने वाले शूटर्स को हथियार मुहैया कराए थे. दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट ने दिल्ली-गुड़गांव बॉर्डर के पास उसे पकड़ा. वह नॉर्थ ईस्ट दिल्ली का बड़ा क्रिमिनल माना जाता है और कई मामलों में वांटेड था, जिसमें एनआईए भी शामिल है.
पुलिस अब बॉबी से गहन पूछताछ कर रही है. सवाल उठ रहे हैं कि हथियार किसके इशारे पर दिए गए? क्या यह सिर्फ व्यक्तिगत विवाद था या लॉरेंस बिश्नोई गैंग की बड़ी साजिश का हिस्सा? पहले दो शूटर्स एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं, तीन गिरफ्तार हो चुके हैं और अब बॉबी की गिरफ्तारी से पूरा नेटवर्क उजागर होने की उम्मीद है. दिशा पाटनी इस मामले में चुप हैं, लेकिन बॉलीवुड में यह घटना सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा रही है. कई सेलिब्रिटी पहले भी गैंगस्टरों के निशाने पर आ चुके हैं, जैसे सलमान खान का केस. बॉबी कबूतर की गिरफ्तारी से गैंगस्टरों के बॉलीवुड कनेक्शन पर फिर से सवाल खड़े हो गए हैं.