'शूटिंग के पैसे मांगने पर डायरेक्टर ने दी जान से मारने की धमकी', लापता लेडीज एक्टर सतेंद्र सोनी का वीडियो वायरल

सतेंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि वह फिल्म 'पेड़ पालखी' की शूटिंग के लिए मैहर पहुंचे थे. शूटिंग शुरू होने के आठ दिन बाद जब उन्होंने बकाया भुगतान मांगा तो डॉयरेक्टर ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी.

Instagram
Sagar Bhardwaj

मध्य प्रदेश में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं.'लापता लेडीज़' और 'मिर्जापुर' में काम कर चुके सतेंद्र सोनी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर दावा किया कि भुगतान मांगने पर उन्हें और अन्य कलाकारों को फिल्म से निकाल दिया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई.

शूटिंग के पैसे मांगने पर दी जान से मारने की धमकी

सतेंद्र सोनी ने इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में बताया कि वह फिल्म 'पेड़ पालखी' की शूटिंग के लिए मैहर पहुंचे थे. उनके अनुसार निर्देशक पुष्पेंद्र सिंह ने साइनिंग अमाउंट के तौर पर 50 हजार रुपये दिए थे और बाकी भुगतान शूटिंग के दौरान करने का आश्वासन दिया था. अभिनेता का दावा है कि शूटिंग शुरू होने के आठ दिन बाद जब उन्होंने और अन्य कलाकारों ने अपना बकाया भुगतान मांगा तो उन्हें होटल से सामान पैक कर निकलने के लिए कहा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई.


कई टीवी प्रोजेक्ट्स में कर चुके हैं काम

सतेंद्र सोनी कई फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके हैं.  उन्होंने 'डॉक्टर जी', 'बवाल', 'रात अकेली है: द बंसल मर्डर्स', 'हेलो बच्चों', 'मिर्जापुर' और किरण राव निर्देशित 'लापता लेडीज़' में अभिनय किया है. 'लापता लेडीज़' में उनके छोटे लेकिन महत्वपूर्ण किरदार की सराहना हुई थी. आमिर खान के समर्थन में बनी यह फिल्म भारत की ओर से ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई थी.