जब राखी फैशन कमिटी की बैठक चल रही हो…कृति सेनन की पोस्ट ने मचाई हलचल, ट्रोलर्स को ऐसे दिया करारा जवाब

रक्षाबंधन पर कृति सेनन ने बहन नूपुर के साथ तस्वीर साझा कर अपने कपड़ों को लेकर हुई ट्रोलिंग पर तंज कसा. उन्होंने कहा कि त्योहार का असली मतलब रिश्ते और भावनाएं हैं.

X
Ashutosh Rai

Kriti Sanon Raksha Bandhan Post: रक्षाबंधन के मौके पर कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीर पोस्ट की, जिसने उनके फैंस का ध्यान खींच लिया. हालिया विज्ञापन में कपड़ों को लेकर हुई आलोचना के बीच कृति ने बहन नूपुर के साथ राखी की तस्वीर साझा की और अपने अंदाज में ट्रोलर्स को जवाब दिया.

राखी पोस्ट से कृति ने दिया ट्रोलर्स को जवाब

कृति सेनन ने रक्षाबंधन पर बहन नूपुर सेनन के साथ एक खास तस्वीर शेयर की. फोटो में दोनों बहनों के हाथ नजर आ रहे हैं और उनकी कलाइयों पर राखियां बंधी हैं. कृति ने कैप्शन के जरिए उन लोगों पर निशाना साधा, जो उनके कपड़ों को लेकर लगातार सवाल कर रहे थे. उन्होंने मजाकिया अंदाज में लिखा कि जब ‘राखी फैशन कमिटी’ की बैठक चल रही हो, तब वे उन चीजों पर ध्यान दे रही हैं जो वास्तव में जरूरी हैं. उनके इस पोस्ट को फैंस ने ट्रोलर्स के लिए सीधा जवाब माना.

विज्ञापन के कपड़ों पर शुरू हुआ था विवाद

कृति हाल ही में एक ज्वेलरी ब्रांड के रक्षाबंधन विज्ञापन में नजर आई थी. इसमें उनके कपड़ों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने उनके ब्रैलेट और स्कर्ट वाले लुक की आलोचना की और इसे त्योहार से जोड़कर सवाल उठाए. बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर और चर्चा में आ गया. कृति ने भी आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा था कि किसी महिला के कपड़ों से दूसरे लोगों को इतनी परेशानी नहीं होनी चाहिए.


कृति बोलीं- राखी का मतलब सिर्फ कपड़े नहीं

कृति ने अपने बचाव में साफ कहा कि रक्षाबंधन का महत्व कपड़ों में नहीं, बल्कि रिश्ते और भावनाओं में है. उन्होंने बताया कि वह और नूपुर एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और एक-दूसरे की खुशी, सेहत और लंबी उम्र की कामना करती हैं. कृति ने यह भी कहा कि उनके लिए राखी सुरक्षा और आपसी प्यार का त्योहार है. उनके नए पोस्ट पर फैंस ने भी समर्थन जताया और उनके जवाब की तारीफ की.