Kirti Kulhari Maid: बॉलीवुड अभिनेत्री कीर्ति कुल्हारी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई हैं. उनका पुराना इंटरव्यू वायरल होने के बाद नेटिजन्स काफी नाराज नजर आ रहे हैं. मुंबई में घरेलू मदद के लिए 10,000 मासिक वेतन को लेकर कीर्ति के सवालों पर लोगों ने उन्हें खूब क्लास लगाई है. इस बहस में टीवी पर्सनालिटी मिनी माथुर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है.
पुराने इंटरव्यू में कीर्ति कुल्हारी ने बताया था कि उन्होंने यारी रोड पर नया घर लिया है. वहां कुक और मेड की रेट्स सुनकर उन्हें हैरानी हुई. कीर्ति ने कहा- 'मैं दो घंटे में झाड़ू-पोछा, बर्तन, डस्टिंग, कपड़े धोना जैसा सारा काम चाहती थी. मेड ने मुझे 10,000 महीना मांगा. मुझे लगा कि सिर्फ दो घंटे आकर जितना मन करता है उतना काम करके इतना चार्ज करना कहां से जायज है?'
कीर्ति ने आगे कहा कि उन्हें लगा शायद उनकी हैसियत देखकर ज्यादा रेट मांगा जा रहा है. उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. कई यूजर्स इसे अमीरों की सोच बताते हुए कीर्ति की आलोचना कर रहे हैं. लोग लिख रहे हैं कि मुंबई जैसे महंगे शहर में घरेलू कामगारों का मेहनताना कम नहीं बल्कि उचित होना चाहिए. कई महिलाएं अपनी कहानियां शेयर कर रही हैं कि वे कितनी मुश्किल से काम करती हैं और फिर भी समय पर वेतन नहीं मिल पाता.
इस विवाद पर मिनी माथुर ने साफ शब्दों में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा- 'This is below minimum wage.' यानी यह न्यूनतम वेतन से भी कम है. मिनी का बयान और भी ज्यादा वायरल हो रहा है. वहीं कुछ लोग कीर्ति के पक्ष में भी आ रहे हैं. उनका कहना है कि महंगाई के इस दौर में हर कोई बजट देखकर चलता है. दो घंटे के काम के लिए 10,000 काफी लग सकता है, खासकर अगर काम की क्वालिटी संतोषजनक न हो. लेकिन ज्यादातर राय इस बात पर है कि घरेलू कामगारों की मेहनत को कम करके नहीं आंका जाना चाहिए. मुंबई में रहने-खाने का खर्च बहुत ज्यादा है और ये कामगार सुबह से शाम तक कई घरों में काम करके परिवार चलाते हैं.
यह विवाद एक बार फिर घरेलू कामगारों के अधिकार, वेतन और सम्मान के मुद्दे को उठा गया है. कीर्ति कुल्हारी का बयान चाहे कितना भी पुराना हो, लेकिन आज के समय में यह लोगों की भावनाओं को छू गया है. अभिनेत्री की तरफ से अभी तक इस वायरल विवाद पर कोई नया बयान नहीं आया है.