Toxic Trailer: यश का ट्रिपल अवतार, बेटे से खतरनाक टक्कर; ट्रेलर में न्यूडिटी से लेकर वॉयलेंस तक सब

यश की फिल्म ‘Toxic’ का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर में गैंगस्टर ड्रामा, जबरदस्त एक्शन, इमोशन और खून-खराबा देखने को मिलता है.

X
Ashutosh Rai

‘KGF’ स्टार यश की अगली फिल्म ‘Toxic’ का ट्रेलर सामने आ गया है. लंबे समय से फिल्म को लेकर इंटीमेसी और कहानी के सस्पेंस पर चर्चा थी. अब ट्रेलर ने तस्वीर काफी साफ कर दी है. इसमें यश का किरदार राया गैंगस्टर की दुनिया, रिश्तों और दुश्मनी के बीच फंसा नजर आता है.

‘Toxic’ में क्या दिखाएंगे यश?

‘Toxic’ के ट्रेलर की शुरुआत राया यानी यश और उसके बच्चे के एक इमोशनल पल से होती है. बारिश में दोनों साथ नजर आते हैं लेकिन यह शांत और भावुक माहौल जल्द ही बदल जाता है. इसके बाद कहानी में कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी और नयनतारा के किरदारों की झलक मिलती है, जिनका राया से किसी न किसी तरह संबंध दिखाई देता है. ट्रेलर आगे बढ़ते ही कहानी गैंगस्टर वर्ल्ड में पहुंच जाती है. गोवा में अपना दबदबा बनाने की कोशिश, दुश्मनों से टकराव और कई बड़े एक्शन सीक्वेंस फिल्म के माहौल को काफी गंभीर बनाते हैं. राया अपने रास्ते में आने वाले लोगों से भिड़ता है और कई जगह उसका हिंसक अंदाज देखने को मिलता है. इसके साथ ही तारा सुतारिया और कियारा आडवाणी के किरदारों के साथ उसके रिश्तों की भी झलक दिखाई गई है. प्यार, अकेलापन और टूटे रिश्तों के बीच राया की कहानी और उलझती जाती है.

यश वर्सेज यश

ट्रेलर का सबसे दिलचस्प हिस्सा आखिर में आता है, जब राया के बेटे टिकट की एंट्री होती है. यहां कहानी अचानक पिता और बेटे की दुश्मनी की तरफ मुड़ती दिखाई देती है. दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने हैं और ऐसा लगता है कि उनकी लड़ाई सिर्फ किसी छोटी बात तक सीमित नहीं है. कभी बर्फ से ढके इलाकों में तो कभी सर्कस जैसे अलग माहौल में राया और टिकट की टक्कर दिखाई जाती है. इसी वजह से ट्रेलर को देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि यहां मुकाबला सिर्फ किरदारों के बीच नहीं, बल्कि एक तरह से ‘यश वर्सेज यश’ जैसा नजर आता है. फिल्म में यश कई अलग लुक्स में दिखाई देंगे, जिससे उनके किरदार को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है. ‘TOXIC’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है, जो नेशनल अवॉर्ड जीत चुकी हैं. फिल्म के प्रोड्यूसर भी यश हैं. ट्रेलर से साफ है कि मेकर्स ने फिल्म को बड़े विजुअल्स, एक्शन और इमोशनल ड्रामा के साथ पेश करने की कोशिश की है.


बॉक्स ऑफिस पर होगी ‘TOXIC’ भिड़ंत

यश की ‘TOXIC’ 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म की रिलीज से पहले ही इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है. खास बात यह है कि इसके ठीक दो दिन बाद श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘Eetha’ की रिलीज भी तय बताई जा रही है. ‘Eetha’ का टीजर सामने आने के बाद उस फिल्म को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ी थी. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों फिल्मों की रिलीज डेट आमने-सामने रहेगी या इसमें बदलाव किया जाएगा. अगर दोनों फिल्में तय समय पर सिनेमाघरों में आती हैं, तो बॉक्स ऑफिस पर सीधा मुकाबला देखने को मिल सकता है.