असम बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए कार्तिक आर्यन, दिए 1 करोड़ रुपये, बॉलीवुड सितारों ने दिखाई इंसानियत

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने खुद इसकी जानकारी दी. उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया गया कि कार्तिक का यह योगदान बहुत सराहनीय है. सीएम ने अभिनेता का आभार जताते हुए कहा कि उनका यह तुरंत किया गया सहयोग राज्य की राहत गतिविधियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा.

X
Antima Pal

Assam Floods: असम में भारी बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हैं. घर डूब गए, खेत बह गए और कई परिवार बेघर हो गए. इस मुश्किल वक्त में बॉलीवुड के कई सितारे पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए हैं. सबसे चर्चित नाम है युवा स्टार कार्तिक आर्यन का, जिन्होंने मुख्यमंत्री राहत कोष में 1 करोड़ रुपये का बड़ा दान दिया है.

असम बाढ़ पीड़ितों के लिए आगे आए कार्तिक आर्यन

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने खुद इसकी जानकारी दी. उनके आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट किया गया कि कार्तिक का यह योगदान बहुत सराहनीय है. सीएम ने अभिनेता का आभार जताते हुए कहा कि उनका यह तुरंत किया गया सहयोग राज्य की राहत गतिविधियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होगा. कार्तिक की इस उदारता की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

कार्तिक आर्यन को आमतौर पर रोमांटिक रोल्स और कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता है. 'भूल भुलैया', 'सोनू के टीटू की स्वीटी' और 'चंदू चैंपियन' जैसी फिल्मों से वे दर्शकों के दिलों में जगह बना चुके हैं. लेकिन इस बार उन्होंने स्क्रीन से बाहर निकलकर असल जिंदगी में अपनी इंसानियत दिखाई. 1 करोड़ रुपये का दान कोई छोटी रकम नहीं है. यह देखकर उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री दोनों ही उन्हें सलाम कर रहे हैं.

इसके अलावा आयुष्मान खुराना ने भी 11 लाख रुपये का योगदान दिया. मुख्यमंत्री ने उनके इस कदम के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया. आयुष्मान ने पहले भी कई सामाजिक मुद्दों पर अपनी आवाज उठाई है, इस बार भी उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के साथ एकजुटता दिखाई.

सबसे पहले इस मुद्दे को उठाने वाली अभिनेत्री भूमि पेडनेकर रहीं. जब पूरा देश दूसरे मुद्दों पर चर्चा कर रहा था, तब भूमि ने असम बाढ़ का वीडियो शेयर कर लोगों से मदद की अपील की. आलिया भट्ट ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए लोगों को बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया. सुपरस्टार सलमान खान ने अपनी संस्था 'बीइंग ह्यूमन' के माध्यम से राहत कार्यों में सहयोग दिया.